Mahoba Unique Farewell
Mahoba Unique Farewell
उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी कस्बे में एक ऐसी विदाई हुई, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. यहाँ एक पिता ने अपनी बहू को लाने के लिए कार नहीं, बल्कि आसमान से उड़ता हुआ हेलीकॉप्टर भेजा. कस्बे के डाक बंगला मैदान में जब हेलीकॉप्टर उतरा, तो उसे देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. पिता के सपने को पूरा करने के लिए दूल्हा अपनी दुल्हन को उड़नखटोले से विदा कराकर ले गया.
विदाई के लिए उतरा हेलीकॉप्टर-
महोबा जिले का कस्बा चरखारी में एक अनोखा नजारा देखने को मिला. आमतौर पर डोली और लग्जरी कारों में दुल्हन की विदाई होती है. लेकिन आज दुल्हन के लिए आसमान से उड़नखटोला जमीन पर उतरा. मौका था पूर्व प्रधान दिनेश कुमार राजपूत की बेटी आकांक्षा की विदाई का. जैसे ही चरखारी के डाक बंगला मैदान में हेलीकॉप्टर के पंखों की गड़गड़ाहट सुनाई दी, देखते ही देखते पूरा मैदान मेले में तब्दील हो गया. लोग अपने मोबाइल कैमरों में इस यादगार पल को कैद करने के लिए बेताब दिखे.
हेलिकॉप्टर में दुल्हन-
भटेवर कलां के पूर्व प्रधान और सपा नेता दिनेश कुमार राजपूत की बेटी आकांक्षा का विवाह औरैया निवासी प्रतिष्ठित व्यापारी सत्येंद्र कुमार के पुत्र निर्वेश राजपूत के साथ हुआ है. इस हाई प्रोफाइल शादी की सबसे खास बात इसकी विदाई रही. दूल्हे के पिता सत्येंद्र कुमार का एक पुराना सपना था कि उनके घर आने वाली बहू का स्वागत किसी रानी की तरह हो और उसकी विदाई हेलीकॉप्टर से की जाए. अपने पिता और दादा की इसी इच्छा को पूरा करने के लिए दूल्हा निर्वेश अपनी दुल्हनिया को लेने हेलीकॉप्टर लेकर पहुँचा. विदाई के वक्त दुल्हन आकांक्षा के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था.
पिता का सपना पूरा किया- दूल्हा
दूल्हा निर्वेश ने बताया कि यह उनके परिवार की पुरानी मंशा थी, जिसे आज उन्होंने पूरा किया है. वो खुद पहली बार हेलीकॉप्टर में बैठे है. लड़की के पिता दिनेश राजपूत भी वर पक्ष की इस पहल से काफी खुश नजर आए. जैसे ही दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर में सवार होकर आसमान की ओर उड़े, नीचे खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर उन्हें विदा किया.
चरखारी जैसे छोटे कस्बे के लिए यह किसी फिल्म के सीन से कम नहीं था. यह अनोखी विदाई अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहाँ एक ससुर ने अपनी बहू के स्वागत के लिए परंपरा के साथ यादगार विदाई कराई है.
(नाहिद अंसारी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: