Makhana Kheer
Makhana Kheer
Makhana Kheer Recipe for Fast: चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है. 21 मार्च को मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की आराधना की जा रही है. मां चंद्रघंटा को खीर और दूध से बनी मिठाइयों का भोग अत्यंत प्रिय है. ऐसे में हम आपको आज मखाना की खीर बनाने की सबसे आसान विधि बता रहे हैं. इस खीर को आप मां चंद्रघंटा को भोग भी लगा सकती हैं और व्रत में भी खा सकती हैं.
मखाना की खीर स्वादिष्ट तो होती ही है यह सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है. मखाना की खीर बहुत ही कम समय में बनकर तैयार हो जाती है. आपने चावल और दूध की खीर तो बहुत बार खाई होगी आज मखाना और दूध की खीर बनाकर जरूर खा लीजिए. इस खीर को खाने के बाद घरवाले बार-बार आपसे इसे बनाने के लिए कहेंगे. मखाना पाचन प्रक्रिया को दुरुस्त करता है. इसको खाने से तनाव दूर होता है. अच्छी नींद आती है. मखाना खाकर आप वजन भी आसानी से कम कर सकते हैं.
क्या चाहिए मखाना की खीर बनाने के लिए सामग्री?
1. मखाना: 2 कप
2. दूध: 1 लीटर फुल क्रीम दूध
3. चीनी: स्वादानुसार
4. देसी घी: 2 या 3 बड़े चम्मच
5. इलायची पाउडर: आधा छोटी चम्मच
6. कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश
ऐसे बनाएं मखाना की खीर
मखाना की खीर बनाने के लिए आप सबसे पहले गैस या चूल्हे को जलाएं. उस पर एक पैन या कड़ाही को रखें. पैन या कड़ाही में थोड़ा सा देसी घी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. घी गर्म हो जाने पर उसमें मखानों को डालें और हल्का ब्राउन होने तक भूनें. मखानों को भूनने के दौरान लगातार चलाते हैं. भूनने के बाद गैस या चूल्हे को बंद करें और मखानों को एक प्लेट में निकाल कर हल्का ठंडा कर लें. आप खीर को ज्यादा गाढ़ी और मलाइदार बनाने के लिए आधे मखानों को मिक्सर में दरदरा पीस सकती हैं.
अब फिर से गैस या चूल्हे को जलाएं और उस पर एक गहरा पैन रखें और उसमें 1 लीटर दूध डालकर उबाल लें. दूध में जब अच्छा उबाल आ जाए तो गैस की आंच को एकदम धीमा कर दें. इसके बाद इस दूध में भूने और दरदर पीसे मखानों को डाल दें. अब इसे 10 से 15 मिनट तक एकदम धीमी आंच पर पकने दें. आप बीच-बीच में करछी से चलाते भी रहें ताकि दूध पैन के तले में न लगे. मखाना जब नरम हो जाए और दूध गाढ़ा होकर रबड़ी जैसा दिखने लगे, तब इसमें चीनी और इलायची पाउडर को मिलाएं. इसके बाद इसे दो से तीन मिनट तक और पकाएं ताकि चीनी अच्छी तरह से घुल जाए. इसके बाद कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश को इसमें डाल दें और अच्छी तरह से मिला लें. इस तरह से आपकी स्वादिष्ट मखाना खीर प्रसाद चढ़ाने और खाने के लिए तैयार है. आप चाहे तो मखाना की खीर को गर्म या ठंडा सर्व कर सकती हैं.