scorecardresearch

Oil Free Puri: बिना तेल के भी फूली-फूली बनेगी पूड़ी... खाने में स्वाद भी खूब और सेहत के लिए भी अच्छी... यहां जानें रेसिपी और बनाने की विधि

Method of Making Puri in Water: क्या आपने तेल की जगह पानी से बनी पूड़ी खाई है. यदि नहीं यहां जान लीजिए पानी में पूड़ी कैसे बनाई जाती है. इस पूड़ी को खाने के बाद तेल वाली पूड़ी से कम स्वाद नहीं आएगा और सेहत भी अच्छी रहेगी. 

Oil Free Puri Oil Free Puri

पर्व-त्योहार पर हर घर में पूड़ी जरूर बनती है. कई लोग जहां इसे बड़े ही चाव से खाते हैं तो कुछ लोग तेल और अपनी सेहत की वजह से इस पूड़ी को नहीं खाते हैं. यदि आप भी पूड़ी तेल की वजह से नहीं खा रहे हैं तो आपके लिए बिना तेल के या पानी में भी पूड़ी बन सकती है. यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पूनम देवनानी ने एक बूंद तेल के बिना पानी में पूड़ी बनाने की विधि बताई हैं. इस पूड़ी को बनाने के लिए बस एक चीज चाहिए, वह है एयर फ्रायर.

बिना तेल की पूड़ी बनाने के लिए ऐसे गूंथे आटा 
पानी में पूड़ी बनाने के लिए आपको सबसे पहले गेहूं के आटा का गूंथना होगा. आप एक कप आटा लें और उसमें हल्का सा नमक और दो चम्मच दही डालें. इसके बाद इसमें पानी को धीरे-धीरे डालते हुए आटा को गूंथे. ध्यान रखें आटा बहुत ज्यादा गीला न हो बल्कि थोड़ा सख्त ही रहे. आटा में दही डालने से बिना तेल के भी पूड़ी मुलायम बनेगी. 

ऐसे पानी में पूड़ी को डालें 
आटा गूंथने के बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर गोल-गोल पूड़ियां चौकी-बेलन से बेल लें. अब गैस या चूल्हे को जलाएं उसपर कड़ाही को चढ़ाएं. कड़ाही में पानी डालकर उबालें. पानी में जब उबाल आने लगे तो इसमें एक-एक करके पूड़ियों को डालें. पूड़ी पानी में पकने के बाद अपने आप ऊपर आने लगेगी. ऐसा होने पर पूड़ी को पानी से बाहर निकाल लें. अब आप कड़ाही पर एक बारीक छेद वाली छलनी को रखकर पूड़ियों को स्टीम कर लें.

इससे पूड़ी को फ्राई करने का काम लगभग पूरा हो जाएगा. यदि आप सोच रहे हैं कि पूड़ियां तो फूली ही नहीं तो इसे खाएंगे कैसे तो सब्र रखिए अभी पूड़ी बनाने की एक स्टेप बाकी है. अब आप एयर फ्रायर लें. ऑवन जैसा होता है, वैसा ही एयर फायर होता है. अब आपको एयर फ्रायर को 180 डिग्री पर प्री-हीट करना है. उसके बाद पूड़ी को डालकर 4-5 मिनट तक बैक करना है. इस तरह से एयर फ्रायर में पूड़ियां बिना तेल के फूल जाएंगी. यह पूड़ी एकदम वैसी ही बनेगी जैसी तेल में फ्राई करने पर बनती है. इस तरह से आप पानी में पूड़ी बना सकती है.

बिना तेल के पूड़ी बनाने की दूसरी विधि 
बिना तेल के पूड़ी बनाने का एक दूसरा तरीका भी है. इसके लिए आपको आटा, नमक, गर्म पानी, तवा या कड़ाही की जरूरत होगी. बिना तेल के पूड़ी बनाने के लिए एक बर्तन में आटा और नमक को मिला लें. इसके बाद इसमें धीरे-धीरे गर्म पानी डालकर आटा को अच्छी तरह से गूंथ लें.

ऐसा करने के बाद आटा को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बना लें. लाइयां का गोल-गोल पूड़ी बेल लें, पूड़ी बेलते समय बीच-बीच में सूखा आटा लगाते रहें. अब आप एक तवा या कड़ाही लें और इसे गैस या चूल्हे पर गर्म करें. इसके बाद इस गर्म तावा या कड़ाही में पूड़ी को रखें. इसके बाद इसे 20-30 सेकेंड तक ढक्कन लगाकर सेकें. कुछ देर बाद आप देखेंगे कि पूड़ियां फूलने लगेंगी. इसको बीच-बीच में आप हल्के हाथों से साइड से दबाते रहें. दोनों तरफ से आप इसको अच्छे से सेंक लें अब आपकी बिना तेल की पूड़ियां बनकर तैयार हैं. इस पूड़ी को आप आलू की सब्जी के साथ खा सकते हैं.