ghost stories over speakers
ghost stories over speakers
चीन में पड़ोसी से झगड़े का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने बदला लेने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि लोग हंसने पर मजबूर हैं. ग्वांगझोउ शहर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी को परेशान करने के लिए रोजाना 10 घंटे से ज्यादा समय तक भूतों की डरावनी कहानियां तेज आवाज में चलानी शुरू कर दीं.
पड़ोसी से बदला लेने के लिए चलाने लगे भूतों की कहानियां
जानकारी के मुताबिक, लू (Lu) नाम का व्यक्ति अपने साथी ली (Li) के साथ रहता था. उनका अपने पड़ोसी शी (Xie) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. हालांकि झगड़े की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन बदला लेने के लिए लू और ली ने जो किया, वह काफी अनोखा था.
दोनों ने अपने घर की दीवार के पास एक लाउडस्पीकर लगा दिया और उसमें रोज सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक और फिर शाम 3:30 बजे से रात 10 बजे तक लगातार भूतों की कहानियां चलानी शुरू कर दीं. इन कहानियों में अजीब और डरावनी आवाजें होती थीं, जो पड़ोसी के घर में गूंजती रहती थीं. यह सिलसिला हर दिन 10 घंटे से ज्यादा चलता था.
एक नहीं कई पड़ोसी हुए परेशान
इस हरकत से सिर्फ एक ही पड़ोसी नहीं, बल्कि आसपास के कई लोग परेशान हो गए. दो मंजिल ऊपर रहने वाले एक व्यक्ति कूई ने भी इस शोर से तंग आकर शिकायत की. कूई के घर में उसका बच्चा पढ़ाई कर रहा था, जो कॉलेज एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रहा था. लगातार आवाज के कारण उसकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही थी.
पड़ोसी को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जब शोर की जांच की गई, तो वह कानूनी सीमा से कम पाया गया. कूई के घर में आवाज का स्तर सिर्फ 36 डेसिबल था, जबकि दिन में 60 डेसिबल और रात में 50 डेसिबल तक की अनुमति होती है. यानी कानूनी रूप से कार्रवाई करना मुश्किल था. इसके बाद पड़ोसी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और प्री-लिटिगेशन इंजंक्शन की मांग की. यह एक ऐसा आदेश होता है, जो अंतिम फैसले से पहले किसी नुकसान को रोकने के लिए दिया जाता है.
सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे
कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लू के खिलाफ फैसला सुनाया और तुरंत भूतों की रिकॉर्डिंग बंद करने का आदेश दिया. इसके बाद कोर्ट की निगरानी में लू ने अपना साउंड सिस्टम हटा दिया, सभी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दीं और भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया. यह मामला सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. लोग इस पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'आखिर ऐसा क्या झगड़ा था कि 10 घंटे भूतों की कहानियां सुनानी पड़ीं?' वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, 'इतना बहादुर इंसान, खुद को भी डर नहीं लगता क्या?'
ये भी पढ़ें