
Dictionary.com
Dictionary.com
कभी कोई अपनी फिटनेस सुधारने के लिए घंटों जिम में बिताता है, तो कोई अच्छी नींद लेने के लिए अपनी पूरी लाइफस्टाइल बदल देता है. कोई खाने में प्रोटीन बढ़ा रहा है, तो कोई अपने चेहरे और लुक्स को बेहतर करने में जुटा है. सोशल मीडिया पर इन कोशिशों के लिए एक नया शब्द तेजी से इस्तेमाल हो रहा है- 'मैक्सिंग' (Maxxing). अब Dictionary.com ने इसे 2026 का वर्ड ऑफ द ईयर चुना है.
यह शब्द सिर्फ अच्छा दिखने या सेहत सुधारने तक सीमित नहीं है. इसका इस्तेमाल किसी भी काम को ज्यादा से ज्यादा बेहतर करने की कोशिश के लिए किया जा रहा है. खासकर Gen Z और कम उम्र के सोशल मीडिया यूजर्स के बीच यह चलन लोकप्रिय हुआ है.
क्या है 'मैक्सिंग' का मतलब?
'मैक्सिंग' शब्द 'मैक्सिमाइजिंग' (Maximising) से निकला है. आसान भाषा में इसका मतलब है किसी चीज का सबसे ज्यादा फायदा उठाने की कोशिश करना. इस शब्द को किसी भी काम के साथ जोड़कर इस्तेमाल किया जा सकता है. जैसे फिटनेस बेहतर करने की कोशिश को 'जिममैक्सिंग'. अच्छी नींद के लिए आदतें सुधारने को 'स्लीपमैक्सिंग' और खाने में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने को 'प्रोटीनमैक्सिंग' कहा जा रहा है.
सोशल मीडिया पर क्यों बढ़ा इसका चलन?
आज सोशल मीडिया पर लोग अपनी दिनचर्या, फिटनेस, खानपान और काम करने के तरीकों को बेहतर बनाने के वीडियो साझा करते हैं. ऐसे में मैक्सिंग इन कोशिशों को बताने का एक आसान और मजेदार तरीका बन गया है. Dictionary.com के मुताबिक, अगस्त 2026 में डिजिटल मीडिया में इस शब्द का इस्तेमाल 2025 के औसत मासिक इस्तेमाल के मुकाबले करीब 19 गुना ज्यादा हुआ. इसी बढ़ते चलन के आधार पर इसे साल का शब्द चुना गया.

'लुक्समैक्सिंग' से भी जुड़ा है ट्रेंड
मैक्सिंग का एक चर्चित रूप लुक्समैक्सिंग है. इसमें लोग अपने चेहरे, जबड़े की बनावट, आंखों और शरीर को आकर्षक बनाने पर ध्यान देते हैं. सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी वीडियो खूब शेयर की जाती हैं. हालांकि, बेहतर दिखने की चाहत कभी-कभी लोगों पर अपने रूप-रंग को लेकर जरूरत से ज्यादा दबाव भी बना सकती है.
शब्द के पीछे छिपी है बेहतर बनने की चाहत
Dictionary Media Group के लेक्सिकोग्राफी डायरेक्टर स्टीव जॉनसन के मुताबिक, 'मैक्सिंग' ऐसी संस्कृति को दिखाता है, जिसमें लोग हर चीज से ज्यादा से ज्यादा हासिल करना चाहते हैं. कुछ लोग इसे गंभीरता से अपनाते हैं, जबकि कुछ इसका इस्तेमाल मजाक के तौर पर करते हैं. यानी यह शब्द सिर्फ खुद को बेहतर बनाने की कोशिश नहीं, बल्कि उस सोच को भी दिखाता है जिसमें हर काम को और बेहतर करने की होड़ लगी रहती है.
Dictionary.com ने 2025 में 67 को वर्ड ऑफ द ईयर चुना था, जो इंटरनेट पर लोकप्रिय एक अजीबोगरीब और मजाकिया अभिव्यक्ति थी. इससे पहले डिम्योर शब्द भी चर्चा में रहा था.
ये भी पढ़ें: