Muskan and Faizan Ansari
Muskan and Faizan Ansari
उत्तर प्रदेश के मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड में मौत की सजा पाने वाली मुस्कान की बेटी की परवरिश की जिम्मेदारी उठाने के लिए मुंबई का एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी नाम का युवक सामने आया हैं. मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाए जाने की खबर सुनने के बाद फैजान अंसारी बुधवार को मेरठ पहुंचे. यहां उन्होंने जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे से मुलाकात की और मुस्कान की बेटी के लालन-पालन का पूरा खर्च उठाने का वादा किया. फैजान अंसारी का कहना है कि वह बच्ची का सभी खर्च उठाने के लिए तैयार है. इसके लिए उसने कोर्ट में लिखकर भी दिया है. बच्ची की वजह से फांसी रुकनी नहीं चाहिए.
मुस्कान की बेटी की परवरिश करेगा फैजान-
फैजान अंसारी ने बच्ची के भविष्य को लेकर अपनी इच्छा जाहिर करते हुए उसकी परवरिश और जीवन से जुड़ी हर जिम्मेदारी निभाने की बात कही. हालांकि, बच्ची की देखभाल और जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ेगी, यह संबंधित पक्षों और सक्षम अधिकारियों के निर्णय पर निर्भर करेगा. फैजान अंसारी का कहना है कि वह बच्ची की पढ़ाई, इलाज, कपड़ों से लेकर शादी तक का खर्चा उठाने को तैयार है. फैजान कहते हैं कि हत्याकांड में बच्ची का कोई दोष नहीं है. इसलिए उसकी पढ़ाई और परवरिश प्रभावित नहीं होनी चाहिए. फैजान ने कहा कि वह बच्ची गोद लेने की बात नहीं कर रहे हैं. वह उसके पालन पोषण की जिम्मेदारी लेना चाहते हैं. फैजान ने जिला जज की अदालत में आवेदन देकर बच्ची के भरण पोषण की जिम्मेदारी लेने की अनुमति मांगी है.
मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं फैजान-
फैजान ने यह भी बताया कि वह इससे पहले अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले में घायल ऑटो चालक की मदद कर चुके हैं और वह टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले में एक पीड़ित की मदद करेंगे. फैजान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और ब्रैंड प्रमोशन का काम करते हैं.
मुस्कान ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या-
मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था. मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या की थी. हत्या के बाद दोनों ने शव के टुकड़े किए और उन्हें नीले ड्रम में भरकर छिपा दिया था. मामले की जांच और सुनवाई के बाद अदालत ने मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई.
मुस्कान ने जेल में बेटी को दिया था जन्म-
हत्याकांड में जेल जाने के बाद मुस्कान ने जेल की सलाखों के पीछे ही एक बेटी को जन्म दिया था. मां को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद बच्ची के भविष्य और उसकी परवरिश को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में मुंबई के फैजान अंसारी ने बच्ची के लालन-पालन का खर्च उठाने की इच्छा जताई है. मेरठ पहुंचकर जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे से मुलाकात करना और बच्ची की जिम्मेदारी लेने का वादा करना अब इस मामले का नया पहलू बन गया है.
ये भी पढ़ें: