बिल्ली के खोने पर चिपकाए गए मिसिंग पोस्टर
बिल्ली के खोने पर चिपकाए गए मिसिंग पोस्टर
अक्सर लोग घरों में जानवर पालने के बाद उसे घर के सदस्य की तरह की रखते हैं. कई बार इन जानवरों के खो जाने पर लोग काफी परेशान हो जाते हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी एक ऐसा परिवार है, जो अपनी बिल्ली से इतना प्यार करता है कि उसके खोने पर उन्होंने गली-गली में पोस्टर चिपका दिए हैं. इतना ही नहीं बिल्ली खोजने वालो को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा. अब ये पोस्टर शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
आखिर कौन है ये लूसी?
सिविल लाइंस के रहने वाले मोहम्मद ताहिर की पालतू बिल्ली है लूसी. लूसी के अचानक खो जाने के बाद से पूरा परिवार उसे ढूंढ रहा है. जब लूसी कहीं नहीं मिली तो परिवार वालों ने बिल्ली का पोस्टर छपवा कर गलियों और प्रयागराज के मुख्य मार्गों पर लगवाया है.
बच्चे की तरह बिल्ली को पाल रहा था परिवार
सिविल लाइंस के अग्निपथ कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद ताहिर का कहना है कि वो लोग डेढ़ साल पहले लूसी को घर लेकर आए थे. तब से उन्होंने लूसी को बच्चे की तरह की पाला है. लूसी धीरे-धीरे सभी की चहेती हो गई. परिवार के सभी लोग उसे साथ में खाना-पीना खिलाते, और साथ ही सुलाते थे. लूसी के गायब होने के बाद से पूरा परिवार परेशान हैं.