cloth
cloth
मानसून का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इस दौरान घरों में नमी और सीलन की समस्या बढ़ जाती है. लगातार बारिश होने और धूप न निकलने के कारण कपड़े अच्छी तरह सूख नहीं पाते. ऐसे में गीले कपड़ों से बदबू आने लगती है. कई बार अलमारी में लंबे समय से रखे कपड़े भी नमी के कारण सीलन पकड़ लेते हैं. खासकर सूती और रेशमी कपड़ों से आने वाली यह बदबू काफी परेशान करने वाली होती है. ऐसे में अगर आपके कपड़ों में भी बारिश के मौसम में अजीब सी गंध आने लगी है, तो कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से इससे छुटकारा पाया जा सकता है. साथ ही कपड़ों को लंबे समय तक ताजा और खुशबूदार भी रखा जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
सफेद सिरका और बेकिंग सोडा आएगा काम
सूती कपड़ों को धोते समय पानी में करीब आधा कप सफेद सिरका मिला दें. यह कपड़ों में फंसी दुर्गंध को कम करने में मदद करता है. वहीं, बेकिंग सोडा भी बदबू को दूर करने में उपयोगी माना जाता है. हालांकि रेशमी कपड़ों पर किसी भी घरेलू पदार्थ का इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के केयर लेबल को जरूर देखें.
एसेंशियल ऑयल से मिलेगी ताजगी
कपड़ों में हल्की खुशबू के लिए लैवेंडर, रोज या लेमनग्रास एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदों को पानी में मिलाकर स्प्रे बनाया जा सकता है. इसे कपड़ों से थोड़ी दूरी पर हल्का स्प्रे करें. कपड़ों को पहनने से पहले पूरी तरह सूखने दें.
अलमारी में रखें कपूर और लौंग
मानसून में अलमारी को सूखा रखना भी जरूरी है. कपूर और लौंग को एक छोटी सूती पोटली में बांधकर अलमारी के कोने में रखा जा सकता है. इससे अलमारी में ताजगी बनी रखने में मदद मिल सकती है. नेफ्थलीन बॉल्स का इस्तेमाल करते समय उन्हें कपड़ों के सीधे संपर्क में न रखें और बच्चों व पालतू जानवरों से दूर रखें.
कपड़ों को पूरी तरह सुखाना जरूरी
कपड़ों से बदबू रोकने का सबसे आसान तरीका है उन्हें पूरी तरह सुखाकर ही अलमारी में रखना. अगर धूप नहीं निकल रही है, तो पंखे या अच्छी वेंटिलेशन वाली जगह पर कपड़े सुखाएं. हल्की सीलन वाले कपड़ों पर कॉटन का कपड़ा रखकर हल्की गर्म प्रेस भी की जा सकती है. इससे बची हुई नमी कम करने में मदद मिलती है.
ये भी पढ़ें: