Borewell Recharge System
Borewell Recharge System
हम सालों से यही सुन रहे हैं कि पानी बचाना चाहिए. लेकिन लोगों ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और इसलिए आज न सिर्फ ग्रामीण बल्कि बड़े-बड़े शहर भी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं. अभी भी बहुत से लोगों को यह समस्या समझ नहीं आ रही है. लेकिन आज हमारे बीच ऐसे कई चेंजमेकर हैं जो अपने काम से पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन रहे हैं.
आज हम आपको बता रहे हैं सुभाजीत मुखर्जी के बारे में. सुभाजीत को मुंबई के 'Green Man' और 'Water Man' के रूप में जाना जाता है. पिछले कुछ समय से मुंबई लगातार पानी की कमी से जूझ रही है. शहर के बहुत से इलाको में नगर निगम पानी की कटौती कर रहा है. और सुभाजीत बोरवेल रिचार्ज सिस्टम के जरिए इस समस्या को जड़ से खत्म करने में जुटे हैं.
BMC के साथ मिलकर शुरू की पहल
बीएमसी और सुभाजीत ने मुंबई में एक अनोखी मुहिम शुरू की है. जिस से मुंबई में पानी की कमी को खत्म किया जा सके. इस मुहिम के मद्देनज़र मुंबई में बारिश के पानी को सहेजा जा रहा है. इस तरीके से दो समस्याएं हल हो सकती है. पहली मुंबई में जिन जगहों पर बारिश में पानी भरता है, वहां पर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाए तो जलभराव की समस्या हल होगी.
दूसरी तरफ, बारिश का पानी सहेजने से भुजल स्तर बढ़ेगा और पानी की कमी की परेशानी खत्म होगी. बीएमसी टीम और सुभाजीत जगह-जगह वाटर हार्वेस्ट सिस्टम और बोरवेल रिचार्ज सिस्टम लगा रहे हैं.
10 सालों से काम कर रहे हैं सुभाजीत
सुभाजीत पिछले 10 साल से लगातार पानी बचाने के लिए मुहिम चला रहे है. मुंबई में तक़रीबन 1500 से अधिक बीएमसी के पार्क हैं जहां सुभाजीत ने बोरवेल रिचार्ज सिस्टम लगाया है. जिस से बारिश के पानी को उपयोग किया जा सके और पानी बचाया जा सके. सुभाजीत ने बोरवेल रिचार्ज सिस्टम को इस तरीके से बनाया है कि कोई भी आम आदमी इसको अपनी सोसायटी में बना सकता है.
सुभाजीत का कहना है की वाटर हार्वेस्ट से पानी की काफ़ी बचत होगी और मुंबई में इस सिस्टम को काफ़ी जगह लगाया जा रहा है. बारिश का पानी अक्सर लोग वेस्ट कर देते हैं. मगर हम घर पर ही यह बोरवेल रिचार्ज सिस्टम बना सकते हैं और पानी बचा सकते हैं.