Valentine's Day Gift
Valentine's Day Gift
एक चौंकाने वाली घटना में मुंबई की एक महिला से कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 3.68 लाख रुपये की ठगी की गई. महिला को एक व्यक्ति ने वेलेंटाइन डे के मौके पर उसे गिफ्ट देने को लेकर बहलाया फुसलाया और उसके साथ लाखों की ठगी कर ली. एक पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी दी. खार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 51 वर्षीय महिला ने पिछले बुधवार को इंस्टाग्राम पर उस व्यक्ति से दोस्ती की, जिसने अपना नाम एलेक्स लोरेंजो बताया.
महिला ने बताया कि व्यक्ति ने बाद में उसे बताया कि उसने महिला को वेलेंटाइन डे का तोहफा भेजा है जिसके लिए उसे पार्सल प्राप्त करने के बाद 750 यूरो का शुल्क देना होगा.अधिकारी ने कहा कि बाद में, महिला को एक कूरियर कंपनी से मैसेज मिला कि पार्सल स्वीकार्य सीमा से अधिक भारी है, इसलिए उसे गिफ्ट लेने के लिए 72,000 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा, जिसका उसने भुगतान किया.
मांगता रहा पैसे
कूरियर कंपनी के प्रतिनिधियों ने महिला से फिर से संपर्क किया और कहा कि उन्हें पार्सल में यूरोपीय मुद्रा नोट मिले हैं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप से बचने के लिए उसे 2,65,000 रुपये देने होंगे. महिला ने फिर से राशि का भुगतान कर दिया. बता दें कि व्यक्ति इतने पर भी नहीं रुका. उसने महिला को पार्सल प्राप्त करने के लिए फिर से 98,000 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा जिसके बाद महिला को उसपर संदेह हुआ.
हो रही है जांच
अधिकारी ने बताया कि जब महिला ने राशि का भुगतान करना बंद कर दिया, तो लोरेंजो ने उसे यह कहते हुए धमकी देना शुरू कर दिया कि वह उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करेगा और उन्हें उसके परिवार के सदस्यों के साथ भी शेयर करेगा. इसके बाद महिला ने खार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत FIR दर्ज की. उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.