Army Pilot Proposes to Girlfriend
Army Pilot Proposes to Girlfriend
महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित कॉन्वोकेशन सेरेमनी के दौरान एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया. सैन्य अनुशासन, साहस और आधुनिक एविएशन स्किल्स के प्रदर्शन के बीच एक आर्मी पायलट ने अपनी गर्लफ्रेंड को बेहद खास अंदाज में प्रपोज कर सबको भावुक कर दिया.
ट्रेनिंग पूरी कर बने पायलट
भारत भारद्वाज ने हाल ही में अपनी एविएशन ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की है और अब वह भारतीय सेना में पायलट के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं. खास बात यह है कि जिस संस्थान से उन्होंने कठिन प्रशिक्षण हासिल किया, अब वहीं से वह देश की सेवा भी करेंगे.
हेलीकॉप्टर के सामने किया प्रपोज
कॉन्वोकेशन सेरेमनी खत्म होने के बाद भारत ने अपनी गर्लफ्रेंड आरुषि को सभी के सामने सरप्राइज दिया. उन्होंने हेलीकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठकर आरुषि को अंगूठी पहनाई और अपने दिल की बात कह दी. यह नजारा देखकर वहां मौजूद अधिकारी, परिवार के सदस्य और दोस्त कुछ पल के लिए हैरान रह गए.
आरुषि ने कहा 'हां', गूंज उठीं तालियां
प्रपोज़ल के इस खास पल को और यादगार तब बना दिया, जब आरुषि ने मुस्कुराते हुए भारत का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया. जैसे ही उन्होंने ‘हां’ कहा, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया वीडियो
इस भावुक और खूबसूरत प्रपोज़ल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. यूजर्स इसे ‘परफेक्ट यूनिफॉर्म प्रपोज़ल’ और ‘देश सेवा के साथ प्यार का जश्न’ बता रहे हैं.
-प्रवीण ठाकरे की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: