Bride Alleges Husband Pushed Her Down Hotel Stairs: AI Image
Bride Alleges Husband Pushed Her Down Hotel Stairs: AI Image
शादी के बाद हनीमून को नए रिश्ते की खूबसूरत शुरुआत माना जाता है, लेकिन हाल के महीनों में हनीमून से जुड़े कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं. पहले सोनम रघुवंशी-राजा रघुवंशी केस और अब नोएडा में एक नई दुल्हन ने अपने पति पर हनीमून के दौरान होटल की सीढ़ियों से धक्का देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
महिला के मुताबिक उसकी शादी 30 अप्रैल 2026 को हुई थी. आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति गाली-गलौज और मारपीट करने लगा. 4 मई को दोनों हनीमून के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए. महिला का आरोप है कि वहां भी पति का व्यवहार नहीं बदला. शिकायत के अनुसार, 9 मई को पति ने होटल की सीढ़ियों से धक्का दे दिया, जिससे उसके सिर, पीठ और दोनों घुटनों में चोट आई. महिला का यह भी आरोप है कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी.
नोएडा लौटने के बाद क्या हुआ?
महिला का कहना है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो पति ने दोबारा मारपीट की और धमकाया. इसके बाद वह घर छोड़कर चला गया. पीड़िता ने मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपों की जांच जारी है.
पुलिस क्या कर रही है?
नोएडा पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है.