scorecardresearch

क्या सच में तोता बता सकता है भविष्य? Parrot Astrology Scam कौन सी बला है और कैसे लोगों को फ्यूचर के नाम पर बनाया जाता है उल्लू

Parrot Astrology को पारंपरिक भविष्यवाणी का एक तरीका माना जाता है. आमतौर पर सड़क किनारे या मंदिरों के आसपास बैठे ज्योतिषी पिंजरे में एक तोता रखते हैं.

IT Officer Cheated in Bengaluru by Parrot Astrologer IT Officer Cheated in Bengaluru by Parrot Astrologer
हाइलाइट्स
  • तोते से भविष्य बताने के नाम पर ठगी

  • जानिए कैसे काम करता है यह तरीका

बेंगलुरु में एक सीनियर इनकम टैक्स ऑफिसर को तोता ज्योतिषी ने लाखों का चूना लगा दिया. आरोपी तोता ज्योतिषी ने उन्हें यकीन दिलाया था कि वो कर्मकांड के जरिए करियर में बड़ा फायदा करा देगा. अधिकारी ने तबादले की उम्मीद में लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने ले लिए और बाद में फरार हो गया. इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर Parrot Astrology होती क्या है, यह कैसे काम करती है और लोग इसके झांसे में क्यों आ जाते हैं.

क्या होती है Parrot Astrology?
Parrot Astrology को भविष्यवाणी का एक तरीका माना जाता है. आमतौर पर सड़क किनारे या मंदिरों के आसपास बैठे ज्योतिषी पिंजरे में एक तोता रखते हैं. उनके सामने अलग-अलग भविष्यवाणियों वाले कई कार्ड या तस्वीरें रखी होती हैं.

जब कोई व्यक्ति अपना भविष्य जानने आता है तो ज्योतिषी पिंजरा खोलकर तोते को बाहर निकालता है. तोता सामने रखे कार्डों में से एक कार्ड उठाकर ज्योतिषी को देता है. ज्योतिषी उस कार्ड पर लिखी बात या तस्वीर के आधार पर व्यक्ति का भविष्य, समस्याएं या समाधान बताने लगता है.

असल में कैसे काम करता है यह तरीका?
यह पूरी तरह मनोवैज्ञानिक और ट्रेनिंग पर आधारित होती है. तोते को पहले से ट्रेन किया जाता है कि वह कार्ड उठाकर मालिक को दे. वह किसी खास भविष्यवाणी के आधार पर कार्ड नहीं चुनता, बल्कि उसे केवल कार्ड उठाने की आदत डाली जाती है.

दूसरी तरफ कार्ड पर लिखी बातें अक्सर बहुत सामान्य होती हैं, जैसे आपकी जिंदगी में कुछ परेशानियां हैं, कोई करीबी व्यक्ति आपको धोखा दे सकता है, या जल्द ही कोई अच्छा अवसर मिलेगा. ऐसी बातें किसी भी व्यक्ति की जिंदगी पर लागू हो सकती हैं.

ज्योतिषी सामने बैठे व्यक्ति की उम्र, कपड़े, हावभाव और बातचीत को देखकर भी अंदाजा लगाता है. इसी आधार पर वह अपनी बातों को इस तरह पेश करता है कि सामने वाले को लगे कि भविष्यवाणी बिल्कुल सही है.

अक्सर ठग पहले छोटी-छोटी बातें सही बताकर सामने वाले का भरोसा जीत लेते हैं. इसके बाद वे बताते हैं कि व्यक्ति पर कोई बड़ा संकट है, ग्रह दोष है या परिवार पर खतरा मंडरा रहा है. फिर उस समस्या से बचाने के लिए पूजा, अनुष्ठान या विशेष उपाय कराने की बात कही जाती है. कई मामलों में लोग डर या विश्वास के कारण पैसे दे देते हैं और बाद में ठगी का शिकार हो जाते हैं.

लोग जल्दी भरोसा क्यों कर लेते हैं?
जब लोग किसी समस्या या तनाव से गुजर रहे होते हैं, तो वे जल्दी समाधान चाहते हैं. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी सामान्य बातों को सही-सही बताता हुआ लगता है, तो उन पर भरोसा करना आसान हो जाता है. यही वजह है कि कई बार पढ़े-लिखे लोग भी इस तरह के झांसे में आ जाते हैं.

ऐसे स्कैम से कैसे बचें?
केवल भविष्यवाणी के आधार पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे या कीमती सामान देना बेहद जोखिम भरा हो सकता है.

अगर कोई ज्योतिषी डर दिखाकर या पूजा-पाठ के नाम पर बड़ी रकम मांगता है, तो उस पर तुरंत भरोसा करने के बजाय अच्छी तरह सोच-समझ लेना चाहिए.