scorecardresearch

ओवरब्रिज के ऊपर लोहे के ढांचे पर चढ़ा शख्स, आधे घंटे तक चलता रहा ड्रामा, पुलिस ने उतारा

पटना में शिकारपुर ओवरब्रिज के उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक शख्स ब्रिज के ऊपर चढ़ गया. आनन-फानन में पुलिस को बुलाया गया. करीब आधे घंटे तक ये हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. आखिरकार पुलिस ने शख्स को नीचे उतारा. हालांकि ये पता नहीं चल पाया है कि युवक क्यों ब्रिज के ऊपर चढ़ा था?

Advertisement
Patna News Patna News

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत चौक शिकारपुर ओवरब्रिज पर मंगलवार  उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पुल के ऊपर धनुषाकार बने लोहे के ढांचे पर चढ़ गया. युवक काफी ऊंचाई पर पहुंच गया था और उसके नीचे कूदने की आशंका को लेकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पटना पुलिस को दी.

फौरन मौके पर पहुंची पुलिस-
सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रेन की मदद ली गई. करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर अक्षय लाल और कमांडो संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस टीम ने कमांडो संदीप कुमार के नेतृत्व में सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सुरक्षित नीचे लाने में सफलता हासिल की.

ओवरब्रिज पर लग गया लंबा जाम-
रेस्क्यू के दौरान चौक शिकारपुर ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई. दोनों तरफ यातायात रुकने से वाहनों की लंबी कतार लग गई. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए और पूरे घटनाक्रम को देखने लगे. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से पूरा किया.

ऑटो चलाता है शख्स-
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान जयप्रकाश साव के रूप में हुई है. वह मूल रूप से जमुई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. वर्तमान में पटना में रहकर वह ऑटो चालक के रूप में काम करता है और धवलपुरा इलाके में किराए के मकान में रहता है.

पुल के ऊपर क्यों चढ़ा शख्स?
युवक किन परिस्थितियों में पुल के ऊपरी लोहे के ढांचे पर चढ़ा था और ऐसा कदम उठाने के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.

समय रहते पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया. करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस ऑपरेशन के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया.

ये भी पढ़ें: