Khatta Meetha Poha
Khatta Meetha Poha
Poha: पोहा खाना कई लोगों को पसंद होता है. इससे बनाने में भी कम समय लगता है. पोहा स्वादिष्ट होने के साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. ऐसे में यदि आप घर पर सुबह के नाश्ते में झटपट बनाकर स्वादिष्ट और पौष्टिक कोई चीज खाना चाहते हैं तो आपके लिए पोहा सबसे बढ़िया है.
हम आपको स्टोरेंट जैसा खट्टा-मीठा पोहा बनाने की एकदम आसान विधि बता रहे हैं. इसे इंदौरी पोहा भी कहा जाता है. यह पोहा आजकल काफी पॉपुलर हो चुका है. आपको मालूम हो कि पोहा एक पौष्टिक, हल्का और आसानी से पचने वाला नाश्ता है. यह आयरन, कार्बोहाइड्रेट और फाइबर से भरपूर होता है. पोहा वजन कम करने, कब्ज की समस्या से छुटकारे दिलाने और और खून की कमी को दूर करने में बहुत फायदेमंद है. पोहे में नींबू निचोड़कर खाने से शरीर पूरे दिन ऊर्जावान बना रहता है.
खट्टा-मीठा पोहा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. पोहा: 2 कप
2. तेल: 2 चम्मच
3. राई: 1 छोटा चम्मच
4. जीरा: 1 छोटा चम्मच
5. करी पत्ता: 8 से 10
6. प्याज: 1 बारिक कटा
7. हरी मिर्च: 1 से 2 कटी हुई
8. मूंगफली दाना: 1/2 कप उबले
9. हल्दी पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
10. चीनी: 1 छोटा चम्मच
11. नींबू का रस: 1-2 बड़े चम्मच
12. हरा धनिया
13. स्वादानुसार नमक
14. अनार के दाने: 2 बड़े चम्मच
15. सेव (गार्निश के लिए)
घर पर ऐसे बनाएं खट्टा-मीठा पोहा
खट्टा-मीठा पोहा बनाने के लिए सबसे पहले पोहा को किसी छलनी में डालकर इसे पानी से धो लें. आपको मालूम हो कि पोहा को अधिक देर तक पानी में भिगोकर नहीं रखना है, ऐसा करने से वह चिपचिपा हो जाएगा. पानी में पोहा को धोने के बाद चार से पांच मिनट के लिए उसे अलग रख दें ताकि वह हल्का नरम हो जाए. इसके बाद गैस या चूल्हे पर एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें राई डालें. इसके बाद राई जब चटकने लगे तो जीरा और करी पत्ता डालें.
इतना सब करने के बाद कढ़ाई में कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें. फिर इसमें मूंगफली दाने को डालें और एक से दो मिनट तक चलाएं ताकि हल्का क्रंच बना रहे. इसके बाद हल्दी, नमक और चीनी डालें. आपको मालूम हो कि चीनी डालने से पोहा में हल्की मिठास आएगी, जो रेस्टोरेंट स्टाइल स्वाद की पहचान है. इसके बाद भीगा हुआ पोहा कड़ाही में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं. दो से तीन मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. इसके बाद गैस बंद करने से ठीक पहले पोहा पर नींबू का रस डालें और अच्छी तरह मिलाएं. यही नींबू और चीनी का बैलेंस पोहा को खट्टा-मीठा फ्लेवर देता है. इस तरह से खाने के लिए पोहा तैयाह है. आप इस पोहा को प्लेट में निकालें और उसके ऊपर हरा धनिया, अनार के दाने और सेव डालकर खाने के लिए दें. इस खट्टे-मीठे पोहा को खाने के बाद मजा आ जाएगा.