scorecardresearch

थाने में सजी बारात! पुलिस बनी घराती, शादी से गुस्साई लड़की की मां, नहीं दिया जोड़े को आशीर्वाद

तेघड़ा गांव निवासी अजय साह की 19 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी 23 जनवरी को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह अपने प्रेमी ब्रजेश कुमार के साथ भागलपुर चली गई.

MUNGER LOVE MARRIAGE MUNGER LOVE MARRIAGE
हाइलाइट्स
  • परिजनों की सहमति से हुआ विवाह

  • शादी से गुस्साई लड़की की मां

बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना में इन दिनों एक अनोखी शादी की चर्चा जोरों पर है. यहां एक प्रेमी जोड़े की शादी किसी मैरिज हॉल या घर में नहीं, बल्कि थाने में मौजूद शिव मंदिर में हुई. खास बात यह रही कि इस शादी में पुलिसकर्मी बाराती बन गए.

बाजार जाने की बात कहकर घर से भागी लड़की
तेघड़ा गांव निवासी अजय साह की 19 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी 23 जनवरी को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह अपने प्रेमी ब्रजेश कुमार के साथ भागलपुर चली गई. ब्रजेश भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के छोटी श्रीरामपुर का रहने वाला है. दोनों के बीच पिछले चार सालों से प्रेम संबंध था और वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे.

एफआईआर के बाद खुद पहुंचे थाना
पायल के घर से गायब होने के बाद 28 जनवरी को उसके पिता ने हवेली खड़गपुर थाना में बेटी के भागने और शादी किए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. इसी बीच सोमवार, 2 फरवरी को प्रेमी युगल खुद ही थाना पहुंच गया. उन्होंने अपने बालिग होने के प्रमाण पत्र पुलिस को दिखाए और बताया कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं.

MUNGER LOVE MARRIAGE

परिजनों की सहमति से हुआ विवाह
पुलिस ने दोनों पक्षों के परिवारवालों को थाने बुलाया. बातचीत और समझाइश के बाद जब दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए, तो थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया. इस दौरान पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया. लेकिन लड़की की मां इस शादी से खुश नहीं थी इसलिए उन्होंने अपनी बेटी को आशीर्वाद नहीं दिया.

शादी के बाद पायल और ब्रजेश ने खुशी जताते हुए कहा कि उनका प्यार अब रिश्ते में बदल गया है और वे जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाएंगे. रिश्तेदारी के कारण शुरू हुई जान-पहचान आखिरकार शादी तक पहुंच गई. अनोखे अंदाज में हुई यह शादी इलाके में 'अजब-गजब' कहानी बनकर लोगों की जुबान पर छाई हुई है.

-रिपोर्ट- गोविंद कुमार मुंगेर