scorecardresearch

Green Chilli Pickle Recipe: मन है अचार खाने का, लेकिन समय है कम.. तो इस रेसिपी से तैयार करें, हरी मिर्च का अचार

कई बार लोगों का अचानक मन कर जाता है अचार खाने का. चाहें तो बाजार से भी अचार लाया जा सकता है, लेकिन घर के बने अचार का स्वाद अलग ही होता है. ऐसे में आप चंद घंटों में मिर्च का अचार तैयार कर सकते हैं.

Green Chilli Pickle (AI) Green Chilli Pickle (AI)

भारत में अचार का अपना एक अलग ही स्वाद है. बात दाल-चावल की हो, पराठा हो या फिर सादी खिचड़ी, थोड़ा सा अचार पूरे खाने का स्वाद बदल देता है. लोग तरह-तरह के अचार बनाना पसंद करते हैं. लेकिन ट्रेडिशनल तरीके से अचार तैयार करने में कई दिन लग जाते हैं, लेकिन अगर आप झटपट बनने वाला कोई टेस्टी अचार तलाश रहे हैं, तो हरी मिर्च का अचार एक बेहतरीन ऑप्शन है.

अगर आपको खाने में हल्का तीखापन और चटपटा स्वाद पसंद है, तो हरी मिर्च का अचार जरूर ट्राई करना चाहिए. यह अचार स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, साथ ही लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है. सही मसालों और सरसों के तेल के साथ तैयार किया गया यह अचार हर खाने के साथ शानदार लगता है.

किन चीज़ों की पड़ेगी जरूरत

इस आसान रेसिपी के लिए 250 ग्राम हरी मिर्च, नमक, मेथी दाना, कलौंजी, सौंफ, राई, हींग, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, सरसों का तेल और सिरके की जरूरत होगी. ये सभी मसाले अचार को खास स्वाद और खुशबू देने का काम करते हैं. साथ ही सिरका इस अचार की शेलफ लाइफ को बढ़ा देता है.

किस तरह करें मिर्च को तैयार?

अचार बनाने से पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अगर मिर्च पर पानी या नमी रह जाती है तो अचार जल्दी खराब हो सकता है. मिर्च सूख जाने के बाद उन्हें बीच से काट लें. चाहें तो मोटी अचारी मिर्च का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि इनमें मसाले अच्छी तरह भर जाते हैं और स्वाद फिर और बढ़ कर आता है.

इसके बाद कटी हुई मिर्च में नमक मिलाकर लगभग एक घंटे के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से नमक मिर्च की एक्स्ट्रा नमी को सोक लेता है, जिससे अचार का स्वाद बेहतर बनता है.

मसालों के जादू से बढ़ेगा अचार का स्वाद

मिर्च में मसाले भरने के लिए सबसे पहले एक पैन में मेथी दाना, कलौंजी, सौंफ और राई को हल्का सा भून लें. भूनते समय ध्यान दें कि कि मसालों को ज्यादा न पकें, वरना उनका असली स्वाद कम हो सकता है. बाद में इन्हें ठंडा करें और उसके बाद मसालों को दरदरा पीस लें.

अब नमक लगी मिर्च में तैयार मसाला, हींग, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, सरसों का तेल और सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें. मसाले और तेल का यह मिक्सचर मिर्च में बेहतरीन स्वाद भर देता है.

चंद घंटों में तैयार होगा मिर्च का अचार

अचार तैयार होने के बाद इसे कुछ घंटों के लिए रख दें ताकि मसालों का स्वाद मिर्च में अच्छी तरह समा जाए. जितना समय इसे रेस्ट करने देंगे स्वाद उतना बढ़ेगा. यह झटपट बनने वाला हरी मिर्च का अचार रोटी, पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ खाने में बेहद टेस्टी लगता है.