Chole Bhature
Chole Bhature
छोले भटूरे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. मसालेदार छोले, गरमा-गरम भटूरे, प्याज और नींबू का स्वाद जो हर किसी को पसंद आता है. लेकिन तेल भटूरे के तले होने की वजह से इसके लवर्स इससे दूरी बनाने लगे हैं. मन तो बहुत करता है खाने का, लेकिन दिल कहता है कि जाने का नहीं. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो क्यों न इसका हेल्दी वर्जन तैयार किया जाए, वो भी घर पर. दोबारा आने लगा न मुंह में पानी? तो चलिए बताते हैं आपको इसकी हेल्दी वाली रेसिपी.
छोलों के लिए आपको 1 कप काबुली चना, 1 प्याज, 2 टमाटर, थोड़ा अदरक, 4-5 लहसुन की कलियां और आधी हरी मिर्च चाहिए होगी. इसके अलावा आधा चम्मच जीरा, थोड़ी हल्दी, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च, आधा चम्मच गरम मसाला और 1 चम्मच छोले मसाला चाहिए होगा. साथ ही स्वाद के लिए नमक, थोड़ा हरा धनिया गार्निश के लिए, नींबू का रस और करीब केवल आधा चम्मच तेल तैयार रखें.
सबसे पहले भीगे हुए चनों को कुकर में डालकर अच्छी तरह नरम होने तक पका लें. अब पैन में थोड़ा तेल डालकर जीरा भूनें. इसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक पकाएं. फिर अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें. टमाटर और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह पकाएं. जब मसाला तैयार हो जाए, तो इसमें उबले हुए छोले डाल दें.
थोड़ा पानी डालकर छोले को कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं. इससे मसालों का स्वाद चनों में अच्छी तरह मिल जाएगा. आखिर में हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डाल सकते हैं.
हेल्दी भटूरे बनाने के लिए थोड़ी कम क्वांटिटी में मैदा लें और इसमें गेहूं का आटा मिलाएं. इसमें दही, नमक और थोड़ा बेकिंग पाउडर डालकर नरम आटा गूंथ लें. आटे को कुछ देर ढककर रखें. फिर छोटी-छोटी लोई बनाकर बेल लें.
अब भटूरे को गर्म तवे पर दोनों तरफ से सेंकें. ऊपर से बहुत थोड़ा तेल या घी लगाया जा सकता है. आप चाहें तो इन्हें ओवन में भी बेक कर सकते हैं. इस तरह डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
हेल्दी छोले भटूरे को सर्व करने के दौरान सलाद के तौर पर खीरा, टमाटर, प्याज और नींबू रख सकते हैं. ये खाने का स्वाद एक लेवल ऊपर ले जाएंगे.साथ ही आपको बगैर तेल के फुल स्वाद भी मिलेगा.