scorecardresearch

Special Wheat Bhatura Recipe: अपनाएं इस सीक्रेट को, मैदे की जगह खाएं गेंहू का भटूरा.. कोई नहीं बता पाएगा फर्क

अक्सर लोगों को छोले-भटूरे खाने का बहुत मन करता है. लेकिन मैदा से बने भटूरे से लोग पीछे हटते हैं. क्योंकि वह सेहत के लिए सही नहीं होता.

How to Make Wheat Bhatura How to Make Wheat Bhatura

भटूरे का नाम लेते ही अक्सर मैदा याद आता है, जो स्वाद में तो शानदार होता है, लेकिन सेहत के लिहाज से भारी पड़ सकता है. इसी वजह से कई लोग भटूरों से दूरी बना लेते हैं. लेकिन आप बिना मैदा के भी घर पर फूले-फूले, कुरकुरे और बाजार जैसे भटूरे बना सकते हैं. जानें इस रेसिपी से कि कैसे बना सकते हैं गेंहू का भटूरा. 

इस रेसिपी की खासियत है गेहूं के आटे और सूजी का संतुलित मिक्सचर. दही और बेकिंग सोडा के साथ सही फर्मेंटेशन से भटूरों को हल्कापन मिलता है. सूजी भटूरों में कुरकुरापन जोड़ती है, जबकि सही तरीके से आटा गूंथने पर गेहूं का आटा भी मैदे जैसा लचीला हो जाता है.

फर्मेंटेशन की सही शुरुआत
खमीर उठाने के लिए एक परात में एक कटोरी ताजा दही लें, ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो. इसमें एक चम्मच चीनी, स्वादानुसार नमक और बेकिंग सोडा मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें. चीनी भटूरों को सुनहरा रंग देती है और सोडा फर्मेंटेशन की प्रक्रिया को तेज करता है.

अब दही के मिक्सचर में बारीक सूजी मिलाएं और इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इस दौरान सूजी नमी सोखकर फूल जाती है, जिससे भटूरे तलने पर सख्त नहीं होते. यही वह ट्रिक है जो गेहूं के आटे के भटूरों को भी सॉफ्ट बनाती है.

आटा गूंथने का सही तरीका
सूजी फूल जाने के बाद मिक्सचर में एक चम्मच तेल और लगभग 2 कप गेहूं का आटा डालें. चाहें तो बारीक कटी हरी धनिया भी मिला सकते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है. अब आटे को मैदे की तरह पटक-पटक कर गूंथें. इससे ग्लूटेन एक्टिवेट होता है और आटा ज्यादा लचीला बनता है.

रेस्ट देना है जरूरी
आटा तैयार होने के बाद उसे तुरंत बेलने की गलती न करें. गीले कपड़े से ढककर कम से कम 10 मिनट के लिए रेस्ट दें. इससे आटा सेट होता है, लोइयां बनाते समय दरारें नहीं पड़तीं और बेलना आसान हो जाता है.

अब लोइयां बनाकर सामान्य भटूरों की तरह बेल लें. तेल अच्छी तरह गर्म हो, तभी भटूरे डालें. हल्का दबाते हुए तलें. देखते ही देखते ये गेहूं के आटे से बने भटूरे भी गुब्बारे की तरह फूलेंगे और स्वाद में किसी से कम नहीं लगेंगे.