Roti Noodles Recipe
Roti Noodles Recipe
नूडल्स एक ऐसा स्नैक है जिसे बच्चे हों या बड़े, सभी बड़े चाव से खाते हैं. आमतौर पर बाजार में मिलने वाले नूडल्स मैदा और ज्यादा तेल से बने होते हैं, जो सेहत के लिए बहुत अच्छे नहीं माने जाते. वहीं कई घरों में अक्सर रोटियां बच जाती हैं और उन्हें अगले दिन उसी सामान्य तरीके से खा लिया जाता है. ऐसे में अगर आप चाहें तो बची हुई रोटियों से एक नई और मजेदार डिश बना सकते हैं. बची रोटी से बनाए गए नूडल्स न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं बल्कि हेल्दी भी होते हैं.
रोटी नूडल्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको 3 से 4 बची हुई रोटियां, पतले कटे हुए प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर, आधी कटी शिमला मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च, एक कटोरी कटी हुई पत्तागोभी और एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट चाहिए.
इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए एक बड़ा चम्मच सोया सॉस, एक बड़ा चम्मच टोमैटो केचप, आधा छोटा चम्मच सिरका, स्वादानुसार नमक, एक चुटकी काली मिर्च, थोड़ी हरी प्याज और तेल की भी जरूरत होगी.
ऐसे तैयार करें बची रोटी के नूडल्स
सबसे पहले बची हुई रोटियों को एक साथ रोल करके पतली-पतली स्ट्रिप्स में काट लें. इसके बाद इन स्ट्रिप्स को प्लेट में फैलाकर अलग कर लें ताकि वे आपस में चिपके नहीं. अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें और उसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. प्याज के साथ ही अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर खुशबू आने तक भून लें.
अब इसमें कटी हुई शिमला मिर्च, गाजर और पत्तागोभी डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद आंच को थोड़ा धीमा करें और सोया सॉस, टोमैटो केचप और सिरका डालकर सबको अच्छी तरह मिला लें. जब मसाले अच्छी तरह मिक्स हो जाएं तो रोटी की स्ट्रिप्स कड़ाही में डाल दें. इसमें स्वादानुसार नमक और काली मिर्च मिलाएं. अगर रोटियां ज्यादा सूखी या कड़क हो गई हों तो थोड़ा सा पानी छिड़क सकते हैं. अब इन्हें 2–3 मिनट तक तेज आंच पर अच्छे से टॉस करें. अंत में ऊपर से हरी प्याज डालकर गरमा-गरम सर्व करें.