AI Generated Image
AI Generated Image
त्योहार हो, घर में मेहमान आए हों या फिर संडे का स्पेशल नाश्ता, गरमा-गरम फूली हुई पूरियां हर किसी का दिल जीत लेती हैं. पर तेल में तली होने की वजह से कई लोग पूरियां खाने से बचते हैं. खासतौर पर जो लोग फिटनेस को लेकर काफी ध्यान रखते हैं, वह इससे दूर रहते हैं.
हाई कोलेस्ट्रॉल या दिल की बीमारी से परेशान लोग इससे दूरी बनाते हैं. लेकिन अब आपको अपनी पसंदीदा पूरियों को अलविदा कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक आसान किचन ट्रिक की मदद से आप बिना डीप फ्राई किए भी टेस्टी और फूली-फूली पूरियां बना सकते हैं.
इस खास रेसिपी में पूरियों को तेल में तलने की बजाय प्रेशर कुकर की भाप में पकाया जाता है. इससे पूरियां हल्की, सॉफ्ट और काफी हद तक हेल्दी बन जाती हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने में बहुत कम तेल का इस्तेमाल होता है, जिससे कैलोरी और फैट दोनों कम हो जाते हैं.
सबसे पहले तैयार करें परफेक्ट आटा
ऑयल-फ्री पूरी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दो कप गेहूं का आटा लें. फिर इसमें स्वादानुसार नमक और आधा छोटा चम्मच अजवाइन मिलाएं. अजवाइन न केवल स्वाद बढ़ाती है बल्कि डाइजेशन के लिए भी फायदेमंद होती है. अब गुनगुने पानी की मदद से थोड़ा टाइट आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि पूरी का आटा आम रोटी के आटे से थोड़ा कड़ा होना चाहिए, तभी पूरियां अच्छी तरह फूलती हैं.
आटे को रेस्ट देना है जरूरी
आटा गूंथने के बाद उसे 10 से 15 मिनट तक ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और पूरियां बेलते समय टूटती या फटती नहीं हैं. तय समय बाद आटे को हल्के हाथों से दोबारा मसल लें और छोटी-छोटी लोइयां बनाकर समान आकार की पूरियां बेल लें.
कुकर में ऐसे करें स्टीम कुकिंग
प्रेशर कुकर में 1 से 2 गिलास पानी डालें और उसके अंदर एक वायर स्टैंड रख दें. एक स्टील की प्लेट को हल्का सा ग्रीस करें ताकि पूरियां चिपके नहीं. अब प्लेट पर बेली हुई पूरियां रखें और उसे कुकर के अंदर स्टैंड पर सेट कर दें. कुकर का ढक्कन बंद करें लेकिन सीटी न लगाएं. तेज आंच पर इन्हें लगभग 3 से 4 मिनट तक भाप में पकने दें.
मिनटों में तैयार होंगी फूली-फूली पूरियां
जब आप कुकर खोलेंगे तो देखेंगे कि पूरियां बिल्कुल गुब्बारे की तरह फूल चुकी होंगी. इन्हें आलू की सब्जी, छोले या पनीर के साथ गरमा-गरम सर्व करें. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए शानदार है जो हेल्दी डाइट फॉलो करते हैं लेकिन स्वाद से समझौता नहीं करना चाहते.