Makhana-Paneer Modak Recipe
Makhana-Paneer Modak Recipe
गणेश चतुर्थी के मौके पर भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाने की खास परंपरा रही है. लेकिन अगर इस बार आप बप्पा के लिए कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो मखाना-पनीर मोदक ट्राई कर सकते हैं. मोदक की यह रेसिपी टेस्टी होने के साथ-साथ घर पर आसानी से तैयार भी हो जाती है.
इस खास मोदक को बनाने के लिए आपको करीब 1 कप मखाने, आधा कप ताजा कद्दूकस किया हुआ पनीर, 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर और 2 से 3 बड़े चम्मच दूध चाहिए. इसके अलावा 2 छोटे चम्मच शहद, आधा छोटा चम्मच गुलाब जल, कुछ केसर के रेशे और थोड़ा घी लें. केसर को एक बड़े चम्मच गुनगुने दूध में भिगोकर रखें.
मखाना मोदक बनाने की शुरुआत एक पैन में मखाने डालकर बिना तेल या घी के धीमी आंच पर भूनने से करें. मखानों को तब तक भूनें, जब तक वे अच्छी तरह कुरकुरे न हो जाएं. इसके बाद उन्हें पैन से निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडे हो जाने के बाद मखानों को मिक्सर में डालकर एक बारीक पाउडर बना लें.
अब एक पैन में कद्दूकस किया हुआ पनीर, मखाने का पाउडर, मिल्क पाउडर और करीब 2 बड़े चम्मच दूध डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब मिक्चर गाढ़ा होकर पैन के किनारे छोड़ने लगे, तब गैस धीमी कर दें.
मिक्सचर के गाढ़ा होने के बाद इसमें शहद, गुलाब जल और केसर वाला दूध डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. कुछ देर पकाने के बाद मिक्सचर नरम हो जाएगा. इसे थोड़ा ठंडा होने दें, ताकि आसानी से मोदक के शेप दिए जा सकें.
मोदक तैयार करने के लिए सांचे पर थोड़ा घी लगा लें. अब तैयार मिक्सचर का थोड़ा हिस्सा सांचे में भरें और अच्छी तरह दबाएं. इसके बाद सांचे को खोलकर मोदक को धीरे से बाहर निकाल लें.
सभी मोदक तैयार होने के बाद आप उन्हें केसर के रेशों या थोड़े से चांदी के वर्क से सजाएं. इस तरह आपके टेस्टी मखाना पनीर मोदक बप्पा को भोग लगाने के लिए तैयार हैं. गणेश चतुर्थी पर यह आसान और अलग मिठाई घरवालों और मेहमानों को भी पसंद आ सकती है.