scorecardresearch

Gurudwara Langar Dal Recipe: मसाले पड़ेंगे कम, लेकिन स्वाद में आएगा दम... जानें कैसे बनाएं गुरुद्वारा स्टाइल लंगर दाल

गुरुद्वारे की लंगर वाली दाल काफी सादे तरीके के साथ बनाई जाती है. लेकिन उसमे जितने कम मसाले पड़ते हैं, वह उतनी ही ज्यादा स्वादिष्ट होती है. ऐसे में लोगों में मन में सवाल आता है कि काश हम इसे घर पर तैयार कर पाते.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

घर में तो दाल अक्सर बनती ही रहती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा की घर की बनी दाल का स्वाद गुरुद्वारे के लंगर में मिलने वाली दाल से अलग क्यों होता है? गुरुद्वारे की दाल सादी होती है फिर भी उसमें एक अलग ही स्वाद होता है. 

अगर आपको भी लंगर वाली दाल रेसिपी पसंद है, तो इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. बस सही तरीका अपनाने की जरूरत है. तो चलिए आपको इसकी रेसिपी बताते हैं.

किन इंग्रीडिएंट्स की पड़ेगी जरूरत?

इस दाल के लिए 1 कप धुली मूंग दाल, आधा कप मसूर दाल, 1 बारीक कटा प्याज और 2 कटे हुए टमाटर लें. इसके अलावा 1 चम्मच कसा हुआ अदरक, 2 हरी मिर्च, आधा चम्मच हल्दी, स्वाद के अनुसार नमक, 1 चम्मच जीरा, एक चुटकी हींग, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर और 2 चम्मच घी चाहिए. आखिर में दाल को गार्निश करने के लिए थोड़ा हरा धनिया लें.

शुरुआत करें दाल को पकाने के साथ

सबसे पहले मूंग और मसूर दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दाल को कुकर में डालें. इसमें हल्दी, थोड़ा नमक और करीब 3 कप पानी डालकर कुकर बंद कर दें. मीडियम आंच पर दाल को 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं.

गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें. कुकर खोलकर दाल को अच्छी तरह मिला लें. अगर दाल बहुत गाढ़ी हो गई है, तो इसमें थोड़ा गर्म पानी डाल सकते हैं.

बिना तड़के के नहीं आएगा स्वाद

अब एक कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें जीरा डालें और इसे चटकने दें. इसके बाद हींग, हरी मिर्च और कसा हुआ अदरक डालकर कुछ सेकंड भूनें. अब इसमें बारीक कटा प्याज डालें और हल्का सुनहरा होने तक पकाएं.

इसके बाद कटे हुए टमाटर, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक टमाटर अच्छी तरह नरम न हो जाएं. तैयार तड़के को पकी हुई दाल में डाल दें.

पकाने के साथ बढ़ेगा स्वाद 

तड़का डालने के बाद दाल को धीमी आंच पर करीब 5 से 7 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में इसे चलाते रहें. इससे दाल और तड़का अच्छी तरह मिल जाते हैं. आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालें.

कैसे सर्व करें दाल को?

गरमागरम लंगर वाली दाल को रोटी, साधारण चावल या जीरा चावल के साथ परोस सकते हैं. इसका स्वाद अच्छा रखने के लिए दाल को बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें. थोड़ी पतली और अच्छी तरह पकी दाल इस रेसिपी में ज्यादा स्वादिष्ट लगती है. साथ ही घी का ताजा तड़का इसके स्वाद को और बढ़ा देता है.