scorecardresearch

Sugar Free Gujiya Recipe: इस तरह तैयार करें शुगर फ्री गुजिया, डायबिटीज के मरीज भी ले सकेंगे आनंद.. होली के रंग में रंगेंगे पकवान

यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि सेहत के लिहाज डायबिटिक लोगों के लिए भी एक बेहतर विकल्प है.

Representative Image Representative Image

होली का त्योहार रंगों के साथ-साथ स्वादिष्ट पकवानों के लिए भी जाना जाता है, और गुजिया के बिना यह पर्व अधूरा सा लगता है. पारंपरिक गुजिया आमतौर पर मैदा और चीनी से तैयार की जाती है, जो डायबिटीज के मरीजों या हेल्थ कॉन्शियस लोगों के लिए सही विकल्प नहीं है. 

अच्छी बात यह है कि अब आप बिना चीनी, मैदा और खोया के भी स्वादिष्ट और सेहतमंद गुजिया बना सकते हैं. इस खास रेसिपी में चीनी की जगह खजूर या गुड़ का उपयोग किया जाता है, जो प्राकृतिक मिठास देने के साथ शरीर के लिए लाभकारी भी होते हैं. वहीं मैदा की जगह गेहूं का आटा इस्तेमाल किया जाता है, जिससे यह गुजिया ज्यादा पौष्टिक बन जाती है.

कैसे तैयार करें हेल्दी गुजिया
इस हेल्दी गुजिया को बनाने के लिए सबसे पहले एक कप गेहूं के आटे में दो बड़े चम्मच घी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद जरूरत अनुसार गुनगुना पानी डालते हुए थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें और उसे 15–20 मिनट के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें. इस बीच फिलिंग तैयार करें. 

फिलिंग से आएगी फीलिंग
एक कड़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करें और उसमें बारीक कटे बादाम, काजू, पिस्ता और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल हल्का सा भून लें. अब इसमें बारीक कटे खजूर या गुड़ डालकर थोड़ा गर्म करें ताकि वह नरम हो जाए. जब मिश्रण अच्छी तरह मिल जाए, तब इसमें भुनी हुई सूजी और एक चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें और ठंडा होने दें.

कैसे दें गुजिया का शेप
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पूरी की तरह बेल लें. हर पूरी में तैयार मिश्रण भरें और किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छी तरह बंद कर दें. चाहें तो किनारों को कांटे या उंगलियों से डिजाइन भी दे सकते हैं. इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें और धीमी आंच पर गुजिया को सुनहरा होने तक तल लें. तैयार गुजिया को ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें.