Perfect Puri Making Recipe
Perfect Puri Making Recipe
गरमा-गरम पूड़ी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. चाहे साथ में सब्जी हो या सिर्फ अचार और दही. पूड़ी हर तरह से लाजवाब लगती है. लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि घर पर बनाई गई पूड़ियां वैसी परफेक्ट नहीं बन पातीं जैसी हम चाहते हैं. कभी वो सख्त हो जाती हैं, कभी ठीक से फूलती नहीं या फिर ज्यादा तेल सोख लेती हैं. असल में अच्छी पूड़ी बनाने का असली राज उसके आटे की सही तैयारी में छिपा होता है. अगर आटा सही तरीके से गूंथा जाए, तो पूड़ियां अपने आप फूली-फूली, सॉफ्ट और क्रिस्पी बनती हैं. तो चलिए आपको बताते हैं कि कैसे हलवाई जैसी पूड़ियां आप भी बना सकते हैं.
बस मिला दें ये चीज़
अगर आप चाहती हैं कि आपकी पूड़ी हल्की क्रिस्पी बने और ज्यादा देर तक वैसी ही रहे, तो आटे में थोड़ा सी सूजी मिलाना एक बेहतरीन तरीका है. अगर आप 2 कप गेहूं का आटा ले रही हैं, तो उसमें करीब 2 चम्मच सूजी मिला दें. इससे पूड़ी का टेक्सचर बेहतर होता है और तलने के बाद उनका रंग भी सुनहरा और अट्रैक्टिव आता है.
सॉफ्टनेस का सीक्रेट हैक
सिर्फ क्रिस्पी ही नहीं, पूड़ी का हल्का सॉफ्ट होना भी जरूरी है. इसके लिए आप आटे में थोड़ा सा मैदा मिला सकती हैं. 2 कप आटे में 2 बड़े चम्मच मैदा मिलाने से पूड़ियां सॉफ्ट बनती हैं और ज्यादा तेल भी नहीं सोखतीं. सूजी और मैदा का यह कॉम्बिनेशन पूड़ी को परफेक्ट बैलेंस देता है.
ऐसे गूंथे परफेक्ट आटा
पूड़ी का स्वाद और टेक्सचर काफी हद तक आटा गूंथने पर निर्भर करता है. आटे में थोड़ा नमक डालें, इससे स्वाद बेहतर होता है. साथ ही एक छोटी चम्मच चीनी डालने से पूड़ी का रंग अच्छा आता है. इसके बाद 2 चम्मच तेल डालकर आटे को अच्छी तरह मसल लें. अब गुनगुने पानी की मदद से आटा गूंथें. शुरुआत में चम्मच का इस्तेमाल कर सकती हैं क्योंकि पानी गर्म होता है.
ध्यान रखें कि पूड़ी का आटा हमेशा थोड़ा सख्त होना चाहिए. अगर आटा ज्यादा मुलायम होगा, तो पूड़ी तलते समय तेल ज्यादा सोख लेगी और ठीक से फूल नहीं पाएगी. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथें और फिर ऊपर से हल्का तेल लगाकर 15–20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी अच्छे से फूल जाती है और पूड़ी का टेक्सचर और भी बेहतर हो जाता है.