Rose plant Care Tips
Rose plant Care Tips
गुलाब का पौधा (Rose plant) अपने सुंदर, मनमोहक और सुगंधित फूलों के चलते हर किसी को अच्छा लगता है. यदि आपने गार्डन में, घर के आंगन में, छत पर या बालकनी में गुलाब का पौधा लगा रखा है और गर्मी के मौसम में पौधा मुरझाने लगा है, फूल भी नहीं खिल रहे हैं तो परेशान न हों. हम आपको 8 तरीके बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो करने से चिलचिलाती गर्मी में भी पौधा एकदम हरा-भरा और गुलाब के फूलों से लदा रहेगा. इसके लिए आपको गुलाब के पौधे में सही समय पर पानी देना होगा. तेज धूप से बचाना होगा. खाद-पानी का ध्यान रखना होगा. यदि आप ऐसा नहीं करेंगे तो गुलाब का पौधा गर्मी के मौसम में सूख जाएगा. गर्मी के मौसम में रोज प्लांट्स की हर दिन देखभाल जरूरी है.
गर्मी के मौसम में ऐसे करें गुलाब के पौधों का ख्याल
1. सही समय पर दें पानी: गर्मी के मौसम में गुलाब के पौधे सूखें नहीं इसलिए इन्हें सुबह या शाम को जरूर पानी दें. भूलकर भी दोपहर के समय गुलाब के पौधों में पानी न डालें. ऐसा करने पर गुलाब के पौधे की जड़ों को भारी नुकसान हो सकता है. गुलाब के पौधों को पानी देते समय इस बात का ध्यान रखें कि जड़ों में पानी बहुत अधिक जमा न हो. गुलाब के पौधे के ऐसे गमले में लगाएं, जिसमें पानी निकलने के लिए तल में छोटा छेद हो. इससे पानी जमा नहीं होगा.
2. तेज धूप से करें बचाव
गुलाब के पौधे को धूप चाहिए लेकिन तेज धूप में इसे कभी भी नहीं रखें, नहीं तो यह पौधा मुरझाकर सूख जाएगा. कभी भी 40 डिग्री सेल्सियस के तापमान में गुलाब के पौधों को नहीं रखना चाहिए. गुलाब के पौधों को हल्की छाया में रखना अच्छा होता है.
3. करें मल्चिंग
गुलाब के पौधे वाले गमले की मिट्टी के ऊपर भूसा, सूखी पत्तियां और नारियल का छिलका डालें. इसे मल्चिंग करना कहते हैं. इससे गुलाब के पौधों की मिट्टी में नमी बनी रहती है और जड़ें ठंडी रहती हैं.
4. मिट्टी की करें गुड़ाई
गर्मी के मौसम में मिट्टी की समय-समय पर गुड़ाई करना बहुत जरूरी है. हर हर 10 से 12 दिनों में एक बार मिट्टी की हल्की खुदाई जरूर करें ताकि हवा और पानी जड़ों तक सही तरीके से पहुंचे. आपको मालूम हो कि मिट्टी की गुड़ाई करने से पानी सही से मिट्टी सोख लेती है.
5. खाद का करें सही इस्तेमाल
गुलाब के पौधों के लिए खाद जरूरी है लेकिन गर्मी के मौसम में अधिक गुलाब न डालें. इसके अलावा अधिक केमिकल युक्त हेवी खाद भी न डालें. इसकी जगह नेचुरल चीजों से बनी जैविक खाद जैसे गोबर की खाद, वर्मी-कम्पोस्ट डाल सकते हैं. आप एक महीने में एक या दो बार खाद गर्मी के मौसम में डाल सकते हैं.
6. गुलाब के पत्तों पर करें पानी का छिड़काव
अधिकांश लोग गुलाब के पौधे वाले गमले में पानी तो डाल देते हैं लेकिन पूरे दिन धूप और गर्म हवाओं में पौधे को रख देते हैं. ऐसा न करें. पानी डालते समय गुलाब के पत्तों पर भी पानी का छिड़काव करें. आप सुबह या शाम को हल्का पानी से स्प्रे करें. ऐसा करने से पौधे को ठंडक मिलती है.
7. सूखे फूल और पत्ते हटाएं
यदि गुलाब के पौधे के पत्ते पीले हो गए हैं, सूख गए हैं तो उन्हें तोड़कर हटा दें. यदि खिले हुए गुलाब के फूल सूख गए हैं तो उन्हें भी तोड़कर हटा दें. ऐसा करने से नए पत्ते और नई कलियां जल्दी निकलती हैं. इससे पौधा हरा-भरा बना रहता है.
8. सही जगह पर रखें गमला
गुलाब के पौधे वाले गमले को हमेशा सही जगह पर रखें. बहुत तेज धूप में इसे छत या गार्डन में न रखें. इससे पौधा मुरझा सकता है. गमले को रखने के लिए ऐसी जगह चुनें जहां सुबह की हल्की धूप मिले और दिन में हल्की छाया भी बनी रहे.