Rose Plant Care Tips
Rose Plant Care Tips
अक्टूबर का महीना गुलाब के पौधे लगाने के लिए अच्छा माना जाता है. अगर आप भी घर की बालकनी, छत या बगीचे में रंग-बिरंगे गुलाब खिलाना चाहते हैं, तो यह सही समय है. उत्तर भारत में अक्टूबर के दूसरे-तीसरे हफ्ते से गुलाब लगा सकते हैं. इस मौसम में तापमान धीरे-धीरे कम होता है, जिससे पौधे को बढ़ने में मदद मिलती है.
गुलाब की खास बात यह है कि इसे गमले और जमीन, दोनों जगह उगाया जा सकता है. हालांकि, कई बार पौधा लगाने के बाद लंबे समय तक फूल नहीं आते. आइए जानते हैं गुलाब लगाने का सही समय क्या है, पौधे को बढ़ने में कितना वक्त लगता है और फूल नहीं आने पर क्या करना चाहिए.
गुलाब का पौधा लगाने का सबसे अच्छा समय कौन-सा है?
गुलाब लगाने के लिए अक्टूबर से नवंबर का समय अच्छा माना जाता है. उत्तर भारत में इस दौरान मौसम सुहावना रहता है, जिससे पौधे की जड़ों को जमने में मदद मिलती है. सर्दियों में कई किस्मों के गुलाब अच्छी तरह बढ़ते हैं और भरपूर फूल देते हैं. गुलाब के पौधे लगाने के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां रोजाना कम से कम 5-6 घंटे सीधी धूप आती हो. पौधा लगाने के लिए बहुत छोटा गमला न चुनें. गमले में पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए, ताकि जड़ों में पानी जमा न रहे.
गुलाब का पौधा उगने और फूल आने में कितना समय लगता है?
गुलाब के पौधे को बढ़ने में लगने वाला समय इस बात पर निर्भर करता है कि आपने पौधा किस तरह लगाया है. अगर आप नर्सरी से तैयार पौधा लाते हैं, तो सही देखभाल मिलने पर उसमें कुछ हफ्तों से लेकर 1-2 महीने के भीतर फूल आ सकते हैं. अगर आप कटिंग से गुलाब उगा रहे हैं, तो उसकी जड़ें बनने में आमतौर पर 4-8 हफ्ते लग सकते हैं. इसके बाद पौधे को बढ़ने और फूल देने में कुछ महीने या उससे ज्यादा समय लग सकता है.
गुलाब के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें?
अगर गुलाब का पौधा हरा-भरा है, लेकिन उसमें फूल नहीं आ रहे, तो इसकी कई वजहें हो सकती हैं. कुछ आसान तरीकों से इस समस्या को दूर करने में मदद मिल सकती है. गुलाब को अच्छी बढ़त और फूलों के लिए पर्याप्त धूप चाहिए. पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना 5-6 घंटे सीधी धूप मिले. रोजाना जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर पानी दें. गमले में जल निकासी अच्छी होनी चाहिए. पौधे में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या तैयार जैविक खाद सीमित मात्रा में डालें. फूलों के लिए खाद का संतुलन जरूरी है. ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद से पत्तियां तो खूब बढ़ सकती हैं, लेकिन फूल कम आ सकते हैं.
गुलाब में ज्यादा फूल लाने के लिए किन बातों का रखें ध्यान?
गुलाब के पौधे की मिट्टी भुरभुरी और पानी निकालने वाली होनी चाहिए. मिट्टी में बगीचे की मिट्टी, जैविक खाद और हवा आने-जाने में मदद करने वाली सामग्री का संतुलित मिश्रण इस्तेमाल कर सकते हैं. पौधे की पत्तियों पर कीड़े या सफेद पाउडर जैसी परत दिखाई दे, तो समय रहते उसकी जांच करें. अगर आप यह सभी बातों का ख्याल रखेंगे तो आपका पौधा फूलों से भरा रहेगा.