Rose Plant Care Tips
Rose Plant Care Tips
फूलों के पौधे देखने में बहुत ही सुंदर लगते हैं. फूल गार्डन और घर की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. यदि आप भी फूलों के शौकीन हैं और अपने घर की सुंदरता और ताजी खुशबू व रंगों से मन को सुकून देना चाहते हैं तो हमारी इस खबर को जरूर पढ़ लीजिए. आज हम आपको गुलाब के पौधों को देसी तरीके से लगाने के गुर बता रहे हैं. यदि आप इस तरह से गुलाब को लगाएंगे तो फूलों से गमला भर जाएगा. किसी माली की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.
ऐसे लगाएं गुलाब के फूल
सही पौधों का करें चुनाव: गार्डन, घर के आंगन, छत या बालकनी में गुलाब का पौधा लगाने के लिए आपको सबसे पहले सही पौधों का चुनाव करना होगा. आप बीज से गुलाब का पौधा उगाने की जगह किसी नर्सरी से कलमी गुलाब लें क्योंकि बीज से गुलाब का पौधा उगाने में काफी समय लगता है. देसी, मिनी या सदाबहार गुलाब के पौधों की किस्में घर के लिए अच्छी मानी जाती है.
कैसा होना चाहिए गमला: गुलाब के पौधों के लिए गमला गहरा होना चाहिए. गमला कम से कम 10-12 इंच तक गहरा होना चाहिए. ध्यान रखें कि इस गमले के नीचे छोटा सा छेद जरूर हो, यदि छेद नहीं रहेगा तो पानी गमला में रुकेगा. ऐसा होने पर गुलाब के पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं. गुलाब के पौधों के लिए मिट्टी या सीमेंट के गमले अच्छे माने जाते हैं.
कैसी होनी चाहिए मिट्टी: गुलाब के पौधों के लिए मिट्टी का चुनाव करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. किसी खेत या बगीचे की मिट्टी 40 प्रतिशत, गोबर की सड़ी खाद या वर्मी कंपोस्ट 30 प्रतिशत, रेत 20 प्रतिशत, नीम की खली 10 प्रतिशत गुलाब के पौधे वाली मिट्टी में होनी चाहिए.
गुलाब के पौधों को रोपाई करने का सही तरीका: गुलाब के पौधों को गमले में रोपाई करने के लिए सबसे पहले गमले में कुछ कंकड़ या टूटी ईंट डालें. इसके बाद मिट्टी भरें. मिट्टी में गुलाब के पौधे को सीधा रखें. ध्यान रखें जड़ें न मुड़ें. इसके बाद हल्का दबाकर पानी दें. गुलाब के पौधों की रोपाई करने के बाद इन्हें दो से तीन दिनों तक धूप न दें.
धूप और पानी: गुलाब के पौधों को हर दिन कम से कम पांच से छह घंटे धूप चाहिए. ऐसे में गुलाब को पौधों के लिए बालकनी, छत या खिड़की के पास खुली जगह सबसे सही है. गुलाब के पौधों के लिए रोज पानी देने की जरूरत नहीं होती है. जब गमले के ऊपर की मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें. गुलाब के पौधों की पत्तियों पर पानी डालने से बचें. आपको मालूम हो कि अधिक पानी गुलाब का सबसे बड़ा दुश्मन है.
कब डाले खाद: गुलाब के पौधों में फूल लाने के लिए हर 15 दिनों में देसी खाद जरूर डालें. सरसों की खली भिगोकर पानी दें या छाछ और पानी 1:5 के अनुपात में दे सकते हैं. केले के छिलके की खाद भी डाल सकते हैं. इससे कलियां ज्यादा आएंगी और फूल बड़े होंगे.
समय-समय पर करते रहें छंटाई: गुलाब के पौधों की समय-समय पर छंटाई करते रहें. यदि फूल मुरझाएं तो तुरंत काट दें. सर्दियों के अंत में हल्की छंटाई जरूरी करें. यहीं से नई टहनियां और ढेर सारे फूल आते हैं. कीड़े और बीमारियों से पौधे को बचाव के लिए नीम तेल और पानी के मिश्रण को हफ्ते में एक बार स्प्रे करें.साबुन का हल्का घोल एफिड्स के लिए स्प्रे करें.