Kavita Mahto
Kavita Mahto
झारखंड में होमगार्ड की बहाली के दौरान एक महिला अभ्यर्थी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कविता महतो साड़ी पहनकर और नंगे पांव 1600 मीटर की दौड़ पूरी करती नजर आ रही हैं. साड़ी को संभालते हुए दौड़ रही कविता का जज्बा देखकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. कविता की कहानी सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार में भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
ईंट-भट्ठे पर करती हैं मजदूरी, पति की हो चुकी है मौत
कविता महतो एक विधवा महिला हैं और ईंट-भट्ठे पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं. आर्थिक मुश्किलों के बावजूद उन्होंने सरकारी नौकरी पाने का सपना देखा और होमगार्ड की बहाली में शामिल हुईं. सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर दौड़ पूरी की.
बहाली के दौरान कविता ने न तो जूते पहने और न ही दौड़ के लिए अलग से कोई पोशाक बदली. वह साड़ी पहनकर ही मैदान में पहुंचीं और उसे संभालते हुए नंगे पांव 1600 मीटर की दौड़ पूरी की. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो देखकर दीपा मांझी ने की तारीफ
कविता महतो का वीडियो सामने आने के बाद गया जिले के इमामगंज की विधायक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने भी उनकी हिम्मत की तारीफ की. उन्होंने कविता को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं में हर मुश्किल परिस्थिति का सामना करने की ताकत होती है.
दीपा मांझी ने कहा कि महिलाएं मां दुर्गा और लक्ष्मी का रूप होती हैं. उनमें हर काम को पूरी निष्ठा से करने की शक्ति होती है. कविता ने साड़ी पहनकर होमगार्ड की बहाली में दौड़ लगाई और अपने जज्बे का परिचय दिया. उनके लिए यह उपलब्धि बेहद खास है.
ऐसी महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए
दीपा मांझी ने कहा कि झारखंड सरकार को कविता जैसी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उनका सम्मान भी करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई महिलाएं अलग-अलग तरह के कपड़े पहनकर सहज महसूस करती हैं, लेकिन कविता ने साड़ी में ही दौड़ लगाने का फैसला किया और अपनी क्षमता साबित की.
ये भी पढ़ें: