scorecardresearch

Sem Ka Achar Recipe: घर पर बनाएं सेम का अचार, खाने में स्वादिष्ट और सेहत के लिए भी फायदेमंद, जानें दादी-नानी वाली रेसिपी

Broad Bean Pickles Recipe: सेम का अचार जहां खाने में स्वादिष्ट होता है, तो वहीं सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. यह अचार जल्दी खराब भी नहीं होता है. सेम का अचार बनाना बहुत ही आसान है. हम आपको आज सेम का अचार बनाने के लिए दादी-नानी वाली रेसिपी बता रहे हैं.

Sem Ka Achar Sem Ka Achar

Sem Ka Achar: भारतीय खानपान में अचार एक स्वादिष्ट व्यंजन है. यह किसी भी खाने का स्वाद बढ़ा देता है. आम, नींबू, आंवला आदि का अचार तो आपने जरूर खाया होगा लेकिन आज हम आपको सेम का अचार बनाने की विधि बता रहे हैं. सेम का अचार जहां खाने में स्वादिष्ट होता है,तो  वहीं सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. यह अचार जल्दी खराब भी नहीं होता है. 

सेम का अचार बनाने की सामग्री
1. ताजी और मुलायम सेम
2. मेथी दाना
3. सरसों का तेल 
4. नमक
5. हल्दी
6. लाल मिर्च पाउडर
7. सौंफ
8. राई का पाउडर 
9. हींग 

ऐसे बनाएं सेम का अचार 
सेम का अचार बनाने के लिए सबसे पहले ताजी और मुलायम सेम चाहिए. इस सेम को पानी में अच्छी तरह से धोकर साफ कर लें. इसके बाद सेम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. फिर गैस या चूल्हें को जलाएं और उसपर किसी बर्तन में पानी डालकर रखें. अब इस पानी में सेम के टुकडों को डाल दें. ध्यान रखें कि सेम के टुकड़ों को हल्का उबालना है ताकि वे नरम हो जाएं, लेकिन ज्यादा गलने नहीं देना है. इसके बाद उबले हुए सेम धूप में सुखाएं ताकि उनमें नमी कम हो जाए. नमी कम करना जरूरी है क्योंकि इससे सेम का अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता. सेम को सुखाने के बाद अब इसके लिए मसाले को तैयार करें.

मसालों को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. अब सरसों के तेल को गर्म करें फिर इसे ठंडा होने दें. अब किसी बड़े बर्तन में उबली हुई सेम को डालकर उसमें सभी मसाला जैसे हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, सौंफ, मेथी दाना, राई का पाउडर और नमक को डालकर अच्छी तरह से मिलाएं. आप स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें जरा सा हींग भी डाल सकते हैं. आप राई का तड़का भी लगा सकते हैं. अब इसमें ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं ताकि मसाले सेम के हर टुकड़े में अच्छी तरह समा जाए.अब इस तैयार अचार को ठंडा होने के बाद साफ और सूखे कांच के जार में भर दें. इस जार को कुछ दिनों तक धूप में रखें. इससे अचार अच्छी तरह पक जाता है और उसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. बीच-बीच में जार को हिलाते रहना चाहिए, ताकि मसाले समान रूप से फैले रहें. इस तरह से सेम का अचार खाने के लिए तैयार है. सेम का अचार खाने में खट्टा, तीखा और मसालेदार होता है. यह अचार किसी भी व्यंजन का स्वाद बढ़ा देता है. 

 सेम का अचार खाने के फायदे
आपको मालूम हो कि बाजार में भी सेम का अचार आसानी से उपलब्ध है, लेकिन घर पर बने अचार का स्वाद और शुद्धता अलग ही होती है. घर का बना अचार बिना किसी कृत्रिम प्रिजर्वेटिव के तैयार होता है, जो स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर होता है. सेम का अचार स्वाद के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी देता है. सेम का अचार खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है.

सेम का अचार खट्टा और मसालेदार होता है, जिससे भूख बढ़ती है. जिन लोगों को खाने में रुचि कम होती है, उनके लिए यह बहुत उपयोगी होता है. सेम में विटामिन A, C और आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. अचार के रूप में भी ये तत्व काफी हद तक बने रहते हैं, जिससे शरीर को ऊर्जा मिलती है. सेम के अचार में डाले जाने वाले मसाले जैसे हल्दी और सरसों में एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं. सीमित मात्रा में सेम का अचार खाने से दिल का स्वास्थ्य अच्छा रहता है.