strangler gang
strangler gang
दिल्ली में एक बार फिर 'गला घोटू गैंग' एक्टिव हो गया है. नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके का एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देर रात घर लौट रहे एक युवक पर पीछे से हमला कर उसका गला दबाया जाता है. युवक के बेहोश होते ही बदमाश उसकी जेब से नकदी और पर्स लूटकर फरार हो जाते हैं. घटना के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
गला दबाकर कर देते हैं बेहोश
जानकारी के मुताबिक घटना 19 जुलाई 2026 की रात की है. वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि युवक सड़क पर अकेले अपने घर की ओर जा रहा था. तभी एक बदमाश पीछे से आता है और अचानक उसका गला दबा देता है. कुछ ही सेकेंड में युवक बेहोश होकर गिर जाता है. इसके बाद आरोपी उसकी जेब टटोलता है, पर्स और नकदी निकालता है और मौके से फरार हो जाता है. पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है गैंग
दिल्ली में 'गला घोटू गैंग' का नाम नया नहीं है. इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें बदमाश पीछे से गला दबाकर लोगों को बेहोश करते थे और फिर उनकी नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर भाग जाते थे. पुलिस ने पहले ऐसे कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन अब फिर इसी तरह की वारदात सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है. इस तरह का हमला बेहद खतरनाक होता है और इसमें पीड़ित की जान तक जा सकती है.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
घटना का वीडियो सामने आने के बाद जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों तक जल्द पहुंचा जा सके. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें: