Surat News
Surat News
देश के अलग-अलग इलाकों से हिंदू-मुस्लिम लड़का और लड़की के बीच प्रेम कहानी के किस्से सामने आते रहते हैं. जिसे लव जिहाद भी कहा जाता है. हिंदू लड़की के साथ मुस्लिम लड़का या मुस्लिम लड़के के साथ हिंदू लड़की प्रेम करती है तो विवाद भी हो जाता है. लेकिन गुजरात के सूरत शहर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां हिंदू लड़का और मुस्लिम लड़की के बीच शुरू हुई प्रेम कहानी अब शादी में बदलने जा रही है. मगर इस प्रेम कहानी की सबसे बड़ी बात ऐसी है इसमें कोई विवाद नहीं है. हिंदू लड़का और मुस्लिम लड़की के बीच हुए प्रेम को दोनों के परिवार वालों ने स्वीकार्य किया है और शादी के लिए मंजरी भी दे दी है.
7 साल पहले शुरू हुई थी लव स्टोरी-
सूरत में रहने वाली फरहा वडगामा अपनी मां अल्लाह रखी के साथ अडाजन इलाके में रहती है. फरहा एक संस्थान में 7 साल पहले नौकरी करने गई थी, जहां उनकी मुलाकात हिंदू लड़के मोहित से हुई. नौकरी के दौरान दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई थी और फिर उसके बाद यह दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद मुस्लिम लड़की फरहा और हिंदू लड़के मोहित ने शादी करने की सोची.
फैमिली की सहमति से हो रही शादी-
फरहा और मोहित ने अपने-अपने घर में इसकी जानकारी दी. मामला दो अलग-अलग धर्म का था. लिहाजा दोनों परिवार इस शादी के लिए राजी नहीं हुए थे. आखिर में किसी तरह हिंदू लड़का और मुस्लिम लड़की के परिवार वाले शादी के लिए राजी हो गए. दोनों परिवार की रजामंदी के बाद यह दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे है. आगामी 14 मार्च को यश्वी फाउंडेशन द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में दोनों हिंदू रीति रिवाज से शादी के बंधन में बंध जाएंगे.
डर था, लेकिन फैमिली मान गई- लड़की
फरहा ने बताया कि हम एक साथ काम करते थे, उसके बाद हमें प्यार हुआ. हमने अपने-अपने घर में बात की और अब हमारी शादी होने जा रही है. यह हम दोनों के लिए खुशी की बात है. हमने घरवालों को मनाया, उन्हें अपने दिल की बात बताई. फिर घरवालों ने आपस में बात की और वे मान गए. हमने 7 साल साथ काम किया. पहले घर में बताने में डर लग रहा था, क्योंकि धर्म अलग थे, लेकिन मेरी मम्मी मान गईं.
हिंदी रीति-रिवाज से होगी शादी- लड़का
मुस्लिम धर्म की लड़की से प्यार करने वाले और अब हिंदू रीति रिवाज से शादी करने जा रहे हिंदू लड़के मोहित ने बताया कि शुरुआत में थोड़ी बहुत तकलीफ हुई थी, लेकिन फिर सब मान गए. धर्म की वजह से थोड़ी दिक्कत थी, लेकिन 7-8 साल साथ रहने के बाद सब मान गए.
हिंदू धर्म के लड़के के साथ शादी करने जा रही मुस्लिम लड़की की माँ अल्लाह रखी ने बताया कि पहले तो मना किया था, बहुत झगड़ा हुआ. लेकिन फिर उसकी खुशी के लिए मैं मान गई. यह लड़की की पसंद है और मैं भी पसंद करती हूँ. नहीं, किसी का कोई डर नहीं है, सब ठीक है.
(संजय सिंह राठौड़ की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: