Thick Curd Setting Tips
Thick Curd Setting Tips
गर्मी के मौसम में हर घर में दही (Dahi) का सेवन किया जाता है. खाने की थाली में यदि दही (Curd) हो तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है. गाढ़ा-थक्केदार और मीठा दही खाने पर स्वादिष्ट तो लगता ही है, इससे शरीर को ढेर सारे लाभ भी मिलते हैं. कई लोगों को शिकायत होती है कि घर पर दही गाढ़ा-थक्केदार और मलाईदार नहीं जमता है. कई बार घर पर जमाया दही पानी छोड़ देता है या पतला रह जाता है. आज हम आपको दही जमाने का ऐसा तरीका बता रहे हैं, जिसे आजमाकर आप पानी जैसे पतले दूध से भी गाढ़ा-थक्केदार और मलाईदार दही जमा सकते हैं.
ऐसे जमाएं गाढ़ा-थक्केदार और मलाईदार दही
1. मोटी तली की कढ़ाही में उबालें दूध
यदि आप चाहते हैं कि दही गाढ़ा-थक्केदार और मलाईदार जमे तो आपको दूध को मोटी तली की कढ़ाही में अच्छे से उबालना होगा. दूध को अच्छे से उबालने पर इसमें यदि ज्यादा पानी मिलाया गया होगा तो वह कम हो जाएगा. दूध को मोटी तली की कढ़ाही में उबालें. दूध को उबालते समय बीच-बीच में चलाते रहें. दूध में एक बार उबाल आ जाए तो मीडियम फ्लेम पर इसे 15-20 मिनट और उबलने दें. आपको मालूम हो कि यदि दूध में ज्यादा पानी हो तो ज्यादा देर तक उबालना पड़ता है. कम पानी होने पर कुछ मिनट उबालने पर ही दूध गाढ़ा हो जाता है. मोटी तली की कढ़ाही में दूध के अच्छे से उबलने के कारण दही एकदम गाढ़ा जमता है. आपको मालूम हो कि दही जमाने के लिए हमेशा फुल क्रीम दूध का ही इस्तेमाल करना चाहिए.
2. दूध को फेंटते हुए करें ठंडा
दूध को उबालने के बाद जब दूध गाढ़ा हो जाए तो उसे थोड़ा गुनगुना होने दें. आपको मालूम हो कि दूध को फेंटते हुए ठंडा करना है. एक बर्तन लें और उसमें दूध भरें फिर गिराएं. ऐसा करने पर सात से आठ मिनट में दूध गुनगुना सा हो जाएगा. अब इस गुनगुने दूध से दही को जमाएं. ध्यान रखें कि दही के लिए जामन लगाते वक्त दूध बस हल्का सा गर्म होना चाहिए.
3. मिट्टी के बर्तन में जमाएं दही
दही को मिट्टी के बर्तन में जमाना चाहिए. आपको मालूम हो कि मिट्टी के बर्तन में दही बढ़िया जमती है और उसका फ्लेवर भी काफी अच्छा आता है. इसके लिए आप पहले दूध को मिट्टी के बर्तन में पलट लें, फिर जामन के लिए एक छोटी कटोरी में थोड़ा दही लें. इस दही को चम्मच से फेंट लें, फिर इसमें बराबर मात्रा में दूध मिलाएं और दोनों को अच्छे से मिक्स कर लें. अब इस जामन को दूध में मिला दें. थोड़ी देर दूध को जामन के साथ अच्छी तरह फेंट लें. ध्यान रखें कि यदि आपने दही जमने के लिए रख दी है तो उस बर्तन को बार-बार हिलाएं नहीं. ऐसा करने से दही अच्छे से सेट नहीं हो पाता है. कई बार दही पानी छोड़ देता है. यदि आप दही को जमाने के लिए बाजार वाले दही का जामन ले रहे हैं तो हमेशा कर्ड इस्तेमाल करें योगर्ट नहीं. इन दोनों में अलग बैक्टीरिया होते हैं और कर्ड से अच्छा दही जमता है.
4. मिल्क पाउडर का कर सकते हैं इस्तेमाल
गाढ़ा और मलाईदार दही जमाने के लिए मिल्क पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं. दूध में उबाल आने के बाद इसमें मिल्क पाउडर डालें. फिर इसे दूध में अच्छी तरह मिलाएं, ताकि कोई गांठ न रहे. आपको मालूम हो कि मिल्क पाउडर दूध के एक्स्ट्रा मॉइस्चर को सोख लेता है, जिससे दूध गाढ़ा हो जाता है और दही गाढ़ा और मलाईदार जमता है.
5. दही जमने के बाद रखें कुछ देर फ्रिज में
दही जमने के बाद इसे तुरंत नहीं खाना चाहिए बल्कि इसे 3 से 4 घंटे के लिए फ्रिज में रख देना चाहिए. फ्रिज की ठंडक से दही पूरी तरह सेट हो जाता है. दही एकदम गाढ़ा और थक्केदार जमता है. आपको मालूम हो कि जामन लगाने के बाद दूध को 8-9 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रखकर छोड़ देना चाहिए. इतने घंटे में दही अच्छे से जम जाता है.