scorecardresearch

इस अनोखी वेबसाइट के जरिए भारतीय शादियों में शामिल हो सकते हैं विदेशी मेहमान...बस करना होगा ये काम

कई लोगों का मन होता है उनकी शादी में कोई विदेशी मेहमान आए. एक स्टार्टअप कंपनी ने विदेशियों के लिए एक ऐसी ही शुरुआत की है. जो भी विदेशी भारतीय शादी में शामिल होना चाहते हैं वो पैसे देकर शामिल हो सकते हैं.

Advertisement
Indian Wedding Indian Wedding

आप किसी शादी में कब जाते हैं? शायद तब जब आपको कोई निमंत्रण देता है. लेकिन क्या आप किसी ऐसी शादी में जाना चाहेंगे जहां आपको खुद को इनवाइट करना पड़े. लेकिन इसे ऑस्ट्रेलिया की एक महिला ने संभव बनाया है. ऑस्ट्रेलिया की एक महिला ने एक अनोखी वेबसाइट बनाई है जिसके जरिए विदेशी लोग खुद को भारतीय शादियों का हिस्सा बना सकते हैं और इसका जमकर लुत्फ उठा सकते हैं.

किसने की थी शुरुआत
JoinMyWedding नाम से शुरू किए गए इस वेंचर में विदेशी भुगतान करके एक बड़ी शादी इंजॉय कर सकते हैं. हालांकि इसके लिए उन्हें एक निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा. साथ ही इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं. हाल ही में इस वेबसाइट ने काफी लोकप्रियता हासिल कर ली है. सीएनएन के अनुसार, स्टार्टअप की स्थापना 2016 में ओरसी पार्कानी नामक महिला द्वारा की गई थी. JoinMyWedding की वेबसाइट ने भारतीय शादी को "एक ऐसी जगह कहा है जहां संस्कृति के सभी तत्व एक, विशाल, गैर-मंचित उत्सव में टकराते हैं." यह वेबसाइट विदेशियों को पारंपरिक भारतीय शादियों में भाग लेने का विकल्प देती है. साथ ही इससे शादी वाले घर को भी लाभ होता है.

कितनी होगी कीमत?
कंपनी के पास जल्द ही शादी करने वाले जोड़ों से जुड़ने का एक प्रारूप है जो अपनी प्रेम कहानी और शादी के कार्यक्रम को पूरी तरह से अजनबियों के साथ साझा करने के इच्छुक हैं. इसके बाद, जो पर्यटक रुचि रखते हैं, वे एक दिन के लिए $150 (लगभग 12,489 रुपये) और दो दिनों के लिए $250 (लगभग 20,816 रुपये) का भुगतान कर सकते हैं. उन्हें संबंधित शादी में आमंत्रित किया जाएगा.

कैसे काम करती है वेबसाइट?
वेबसाइट के मुताबिक, भारत में 300 से अधिक प्रकार की शादियां होती हैं. उस हिसाब से देश में प्रतिवर्ष 11 लाख शादियां होती हैं. 'JoinMyWedding'उन जोड़ों तक पहुंचती है, जो अपनी लव स्टोरी और शादी का कार्यक्रम विदेशियों के सामने प्रस्तुत करना चाहते हैं. इसके बाद उनकी शादी में शामिल होने का प्रस्ताव उन विदेशी पर्यटकों को दिया जाता है. इस शादी में आपको एक ही बार में सभी विभिन्न सांस्कृतिक तत्वों का अनुभव मिलता है जैसे स्थानीय लोगों से मिलना, स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेना, भारतीय पोशाक पहनना, संगीत, माहौल, मनोरंजन, स्थानीय रीति-रिवाजों के बारे में सीखना, यहां तक ​​कि वेडिंग वेन्यु के आधार पर आप वास्तुकला से भी रूबरू होते हैं.

कई लोगों ने किए कमेंट
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस आइडिया को शानदार बताया और तरह-तरह के रिएक्शन दिए. एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने कहा, 'जो कोई भी (शादी में विदेशियों को) आमंत्रित कर रहा है, उसके लिए 150 अमेरिकी डॉलर निश्चित रूप से बुरे नहीं हैं.' एक अन्य ने कंमेंट में लिखा, 'पिछले कुछ समय से ट्रेवल एजेंट्स और विवाह योजनाकारों के माध्यम से यह काफी लोकप्रिय ऑफलाइन व्यवसाय बन गया है.' एक तीसरे यूजर ने लिखा, 'विदेशी अच्छा पैसा देते हैं और इससे परिवार को शादी के खर्चों से थोड़ी राहत पाने में भी मदद मिलती है.'