मच्छरों को मारने वाला ड्रोन: Photo: Alex Toussaint
मच्छरों को मारने वाला ड्रोन: Photo: Alex Toussaint
अगर आप भी रातभर मच्छरों से परेशान रहते हैं, तो आने वाले समय में मच्छर भगाने वाली कॉइल, स्प्रे या रैकेट की जरूरत कम पड़ सकती है. वजह है एक ऐसा छोटा ड्रोन, जिसे खासतौर पर मच्छरों का खात्मा करने के लिए बनाया गया है.
अमेरिका के स्टार्टअप टॉर्नयोल (Tornyol) ने दावा किया है कि उसका माइक्रो ड्रोन अपने पहले टेस्ट में उड़ते हुए एक कीड़ों को हवा में मार सकता है. कंपनी का कहना है कि यह तकनीक आगे चलकर मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैलाने वाले मच्छरों को खत्म करने में मदद कर सकती है.
सिर्फ 40 ग्राम का है यह ड्रोन
इस ड्रोन का वजन सिर्फ 40 ग्राम है. यानी यह एक छोटे से खिलौने जितना हल्का है. इसे दो इंजीनियर- एलेक्स टूसेंट और क्लोविस पिडालू ने तैयार किया है. स्टार्टअप को मशहूर स्टार्टअप इनक्यूबेटर वाई कॉम्बिनेटर का भी समर्थन मिला हुआ है. ड्रोन में स्मार्टफोन जैसे माइक्रोफोन, अल्ट्रासोनिक सेंसर और खास सॉफ्टवेयर लगाए गए हैं. इन्हीं की मदद से यह आसपास उड़ रहे मच्छरों का पता लगाता है और उनका पीछा करता है.
कैसे करेगा मच्छरों की पहचान?
हर कीड़े के पंख फड़फड़ाने की आवाज अलग होती है. ड्रोन अल्ट्रासोनिक तरंगें छोड़ता है और वापस आने वाली आवाज का विश्लेषण करता है. इससे उसे पता चल सकता है कि सामने मच्छर है या कोई दूसरा कीड़ा. इतना ही नहीं, भविष्य में यह तकनीक मच्छरों की अलग-अलग प्रजाति और नर-मादा की पहचान भी कर सकेगी. यानी ड्रोन सिर्फ उन्हीं मच्छरों को निशाना बनाएगा, जिनसे बीमारी फैलने का खतरा ज्यादा होता है.
10 ड्रोन संभालेंगे एक वर्ग किलोमीटर का इलाका
टॉर्नयोल का दावा है कि उसके सिर्फ 10 ड्रोन मिलकर करीब एक वर्ग किलोमीटर इलाके से मच्छरों को खत्म कर सकते हैं. हालांकि अभी तक इसका वास्तविक शहरों या गांवों में परीक्षण नहीं हुआ है. अगर यह तकनीक सफल रहती है, तो मच्छर नियंत्रण की लागत मौजूदा तरीकों के मुकाबले 100 गुना तक कम हो सकती है.
ये भी पढ़ें