AI Generated Image
AI Generated Image
एक तरफ जहां पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ लोग सोच रहे कि काश बाइक थोड़ी और माइलेज निकाल दे. लेकिन जब ऐसा नहीं होता तो उनके मन में बाइक बदलने का ख्याल आने लगता है. लेकिन, अच्छी खबर यह है कि ज्यादा माइलेज के लिए आपको बाइक बदलने की जरूरत नहीं है. बस कुछ आसान तरीके अपनाकर आप अपनी बाइक से पहले से ज्यादा माइलेज पा सकते हैं.
जब टायर में हवा कम होती है, तो आगे बढ़ने के लिए इंजन को ज्यादा जोर लगाना पड़ता है. जिसमें पेट्रोल ज्यादा खर्च होता है. इसलिए हर 10 से 15 दिन में टायर की हवा जरूर चेक करवाएं. सही हवा भरी होने से बाइक हल्की चलती है और माइलेज भी बढ़ जाता है.
अचानक स्पीड बढ़ाना फिर ब्रेक लगाकर बार-बार करने से भी माइलेज पर फर्क पड़ता है. इसलिए बेहतर है कि बाइक को एक जैसी स्पीड, यानी करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चलाया जाए. इससे इंजन पर कम दबाव पड़ता है और पेट्रोल की बचत होती है.
कई बार लोग बाइक की सर्विस के खर्च को देख उसे टाल देते हैं. लेकिन बाइक की सर्विस को टालना नहीं चाहिए. इंजन ऑयल, एयर फिल्टर और स्पार्क प्लग समय पर बदलवाना बहुत जरूरी है. गंदा एयर फिल्टर हवा को सही से अंदर नहीं जाने देता, जिससे इंजन को ज्यादा पेट्रोल जलाना पड़ता है. रेगुलर सर्विस से इंजन हमेशा फाइन कंडीशन में रहता है, जिससे कम फ्यूल में ज्यादा माइलेज मिलती है.
बहुत से लोगों को आदत होती है कि वह स्पीड के मुताबिक गियर नहीं लगाते. जैसे कम गियर में ज्यादा स्पीड पर चलाना. इससे इंजन पर काफी ज्यादा जोर पड़ता है. इसलिए हमेशा स्पीड के मुताबिक सही गियर में बाइक चलानी चाहिए. न ज्यादा नीचे के गियर में और न ज्यादा ऊपर के गियर में. इससे इंजन आराम से चलता है और माइलेज भी बेहतर मिलता है.
बहुत से लोगों में आदत होती है कि वह एक्सीलेटर को पकड़कर ऐंठ देते हैं. उनकी इस आदत से पेट्रोल ज्यादा खर्च होता है. आपको हमेशा हल्के हाथ से और धीरे-धीरे एक्सीलेटर घुमाना चाहिए. इससे बाइक स्मूद तरीके से आगे बढ़ती है और इंजन पर भी कम दबाव पड़ता है.