Tips for Cleaning Silver Anklets and Toe Rings
Tips for Cleaning Silver Anklets and Toe Rings
Silver Cleaning Hacks: चांदी की पायल (Payal) और बिछिया (Bichhiya) महिलाओं के सोलह शृंगार का हिस्सा हैं. शादीशुदा महिलाएं पायल को अपने पैरों में और बिछिया को पैरों की उंगलियों पहनती हैं. चांदी की पायल और बिछिया पैरों की शोभा बढ़ाने का काम करती हैं. पायल और बिछिया हर दिन पानी, धूल और पसीने के संपर्क में रहती है. इसके कारण कुछ समय बाद पायल और बिछिया पर काली परत जमने लगती है. कई महिलाएं चांदी की काली पायल और बिछिया को साफ कराने के लिए बार-बार सोनार के पास जाती है. हम आज आपको पायल और बिछिया को साफ करने के कुछ ऐसे घरेलू टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें आजमाने के बाद कितनी भी काली पायल हो या बिछिया एकदम नई जैसी चमकने लगेंगी. इस तरह से आपको बार-बार सोनार के पास जाने की जरूरत नहीं होगी.
ऐसे चांदी की पायल और बिछिया को करें साफ
1. बेकिंग सोडा और एल्युमीनियम फॉयल
यदि चांदी की पायल और बिछिया काली हो गई है तो आप साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और एल्युमीनियम फॉयल का इस्तेमाल कर सकती हैं. आपको सबसे पहले गर्म पानी लेना होगा. इसके बाद इसमें एल्युमीनियम फॉयल का एक टुकड़ा और एक चम्मच बेकिंग सोडा डालना होगा. अब इस बेकिंग सोडा और एल्युमीनियम फॉयल मिले पानी में पायल और बिछिया को डाल दें और उसके 10 मिनट तक उसी में रहने दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश से पायल और बिछिया को हल्के हाथों से साफ करें. इसके बाद पायल और बिछिया को साफ पानी से धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें. ऐसा करने से पायल और बिछिया पर जमी हुई काली परत साफ हो जाएगी.
2. टूथपेस्ट और टूथब्रश
चांदी की काली पायल और बिछिया को आप टूथपेस्ट से साफ कर सकती हैं. इसके लिए आप सफेद वाला टूथपेस्ट और एक पुराना टूथब्रश लें. फिर पायल और बिछिया पर टूथपेस्ट को लगा दें. इसके बाद टूथब्रश की मदद से पायल और बिछिया को रगड़ें. दो से तीन मिनट तक रगड़ने के बाद पायल और बिछिया को गुनगुने पानी से धो दें. ऐसा करने से पायल और बिछिया साफ और चमकदार दिखने लगेंगी.
3. लिक्विड साबुन और नमक का घोल
यदि चांदी पायल और बिछिया बहुत अधिक काली नहीं हुई है तो लिक्विड साबुन और नमक का घोल इस्तेमाल करके साफ कर सकती हैं. इसके लिए आपको एक गिलास में गुनगुना पानी लेना होगा. अब इसमें थोड़ा नमक और थोड़ा लिक्विड साबुन मिलाना होगा. इसके बाद इसमें पायल और बिछिया को 15 से 20 मिनट तक भिगो दें. फिर ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें. इसके बाद साफ पानी से पायल और बिछिया को धो दें. ऐसा करने से गंदगी निकल जाएगी और पायल व बिछिया साफ नजर आएगी.
4. नींबू और नमक का घोल
चांदी की पायल और बिछिया को साफ करने के लिए आप नींबू और नमक का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए आपको किसी बर्तन में नींबू का रस, एक चम्मच नमक और गर्म पानी लेना होगा. इसके बाद चांदी की पायल और बिछिया को 10 से 15 मिनट के लिए डाल दें. फिर बाहर निकालने के बाद ब्रश से साफ करें और साफ पानी से धो लें.
5. टोमेटो कैचअप
चांदी के पायल और बिछिया पर के कालापन को हटाने के लिए टोमेटो कैचअप सस्ता और अच्छा उपाय है. इसके लिए पायल और बिछिया पर कैचअप को अच्छी तरह से लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद माइक्रोफाइबर क्लॉथ से इसे घिसते हुए पानी से साफ कर लें. पायल और बिछिया चकाचक साफ हो जाएंगी.
6. सेनेटाइजर का करें इस्तेमाल
आप चांदी के पायल और बिछिया को साफ करने के लिए सेनेटाइजर का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए सेनेटाइजर में चांदी की पायल और बिछिया को दो से तीन मिनट के लिए भिगोकर रख दें. फिर ब्रश से हल्का घिस्ते हुए साफ कर लें.
इन बातों का रखें ध्यान
चांदी की पायल और बिछिया को साफ करने के बाद अच्छी तरह सुखाकर ही पहनें. हमेशा सूती या माइक्रोफाइबर कपड़े से अच्छी तरह सुखाएं. आपको मालूम हो कि नमी रहने से यह दोबारा जल्दी काली पड़ सकती हैं. जब पायल और बिछिया का इस्तेमाल न करें तो इन्हें सूखी जगह पर रखें. समय-समय पर पायल और बिछिया की घर पर ही सफाई करते रहें ताकि काली परत न जमे और पायल-बिछिया की चमक बरकरार रहे.