Happy Holi (Photo: PTI)
Happy Holi (Photo: PTI)
होली तो लोग बहुत शौक से खेलते हैं लेकिन फिर शामत आती है रंग छुड़ाने में. जी हां, चेहरे के साथ-साथ गरदन, हाथ-पैर आदि से रंग छुड़ाते-छुड़ाते कई दिन निकल जाते हैं. रंग न छूटे तो स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाना किसी आफत से कम नहीं. इसलिए कोशिश तो हमें यह करनी चाहिए कि ज्यादा गहरे रंगों से या पक्के रंगों से होली न खेलें. बल्कि हमें ऑर्गनिक रंगों से त्योहार मनाना चाहिए और कई रंग तो आप घर पर भी बना सकते हैं. लेकिन अगर आपने पक्के रंगों से होली खेल ली है और अब टेंशन हैं कि ये रंग स्किन से जाएगा या नहीं तो जान लें ये टिप्स, जिन्हें फॉलो करके आप रंग छुड़ा सकते हैं.
1. बेसन करेगा कमाल
सबसे पहले बेसन में नींबू और दूध मिलाकर एक पेस्ट बनाएं और इस पेस्ट को अपनी स्किन पर 15-20 मिनट लगाएं. फिर गुनगुने पानी से धो ले. इससे रंग छुड़ाना काफी कारगर होता है.
2. खीरा और गुलाब जल
सबसे पहले खीरे का रस निकालें और इसमें गुलाबजल और सिरका मिलाएं. इस मिश्रण से अपनी चेहरे, हाथ-पैर पर लगे रंग को हटाने की कोशिश करें. इससे स्किन साफ हो जाएगी.
3. जिंक ऑक्साइड और कैस्टर ऑयल
अगर रंग गहरा है तो दो चम्मच जिंक ऑक्साइड में दो चम्मच कैस्टर ऑयल मिलाएं. इसका लेप बनाकर चेहरे और उस जगह लगाएं जहां रंग लगा है. इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर स्किन को धो लें. इसके लगभग आधे घंटे बाद साबुन का इस्तेमाल करें.
4. संतरे के छिलके और मसूर की दाल
संतरों के छिलके, मसूर की दाल और बादाम को पीस लें. फिर इसमें दूध मिलाकर पेस्ट बनाएं और इस पेस्ट को चेहरे या हाथ-पैर या पूरी स्किनपर लगाएं. इसे हल्के हाथ से रगड़ें और फिर धो लें.
5. मूली का रस
मूली के रस में बेसन या मैद मिलाएं और थोड़ा पेस्ट बनाने के लिए इसमें दूध भी मिलाएं. इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं जिससे रंग निकल जाएगा.
6. जौ का आटा
बादाम के तेल में जौ का आटा मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को त्वचा पर लगाकर रंग साफ करें. इससे रंग निकल जाता है.
7. कच्चा पपीता और मुल्तानी मिट्टी
कच्चा पपीता अगर आसपास उपलब्ध है तो इसके छोटे-छोटे टुकड़े करके इसे पीस लें. इस में अब मुल्तानी मिट्टी मिलाएं और फिर बादाम का तेल मिक्स करके इस पेस्ट को चेहरे या हाथ-पैरों पर लगाएं. रंग छुड़ाने में आसानी होगी.