Professional Doomscroller Job
Professional Doomscroller Job
कई लोगों के घरों में रोज एक ही शिकायत सुनने को मिलती है- फोन छोड़ो, हर वक्त इंस्टाग्राम पर क्या देखते रहते हो? लेकिन सोचिए, अगर यही आदत आपकी कमाई का जरिया बन जाए तो? राजस्थान के उदयपुर की एक कंपनी ने ऐसी ही नौकरी निकाली है, जिसमें आपको दिनभर इंस्टाग्राम रील्स देखनी हैं. बस फर्क इतना है कि अब बिना किसी काम के स्क्रॉल करने के बजाय आपको इसके पैसे भी मिलेंगे.
उदयपुर की कंपनी Influish ने 'प्रोफेशनल डूमस्क्रोलर' (Professional Doomscroller) की तलाश शुरू की है. इस नौकरी में चुने गए व्यक्ति को इंस्टाग्राम पर रील्स देखते रहना होगा, नए ट्रेंड्स पर नजर रखनी होगी और कंपनी को बताना होगा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर क्या वायरल हो रहा है. यानी जो काम कई लोग खाली समय में करते हैं, वही अब नौकरी बन सकता है.
कंपनी ने वीडियो जारी कर बताया नौकरी का काम
कंपनी के कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके इस नौकरी की जानकारी दी. वीडियो में एक व्यक्ति लोगों को इस अनोखे मौके के बारे में बताता नजर आता है. वह कहता है, 'अगर आपको इंस्टाग्राम इस्तेमाल करना पसंद है, तो हम आपको इसके पैसे देंगे. हमें ऐसे डूमस्क्रोलर की जरूरत है, जो दिनभर बैठकर रील्स देखे और हमें बताए कि इंस्टाग्राम पर क्या वायरल हो रहा है.'
इस नौकरी में सिर्फ रील्स देखना ही काम नहीं होगा. उम्मीदवार को यह भी समझना होगा कि कौन-सा वीडियो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, किस तरह का कंटेंट लोगों को पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर कौन-सा नया ट्रेंड शुरू हो रहा है. इसके बाद उसे यह जानकारी कंपनी के साथ साझा करनी होगी.
आवेदन करने का तरीका भी बेहद आसान
इस नौकरी के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी कंपनी ने काफी आसान रखी है. इच्छुक लोगों को कंपनी के सोशल मीडिया वीडियो पर सिर्फ 'Hi' लिखकर कमेंट करना होगा. इसके बाद उदयपुर में रहने वाले उम्मीदवारों को डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए आवेदन का लिंक भेजा जाएगा.
हालांकि, कंपनी ने नौकरी से जुड़ी सैलरी, काम के घंटे और दूसरी शर्तों की पूरी जानकारी साझा नहीं की है. इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को कंपनी से इन बातों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा- यह तो सपनों की नौकरी है
कंपनी की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं. किसी ने इसे 'परफेक्ट जॉब' बताया, तो किसी ने कहा कि वह लंबे समय से ऐसी ही नौकरी का इंतजार कर रहा था. दरअसल, इंस्टाग्राम पर रील्स देखते हुए समय का पता न चलना आम बात है. कई लोग पांच मिनट के लिए ऐप खोलते हैं और कब एक घंटा बीत जाता है, उन्हें पता ही नहीं चलता. ऐसे में यह नौकरी उन लोगों को आकर्षित कर रही है, जिन्हें सोशल मीडिया पर नए वीडियो और ट्रेंड्स तलाशने में मजा आता है.
ये भी पढ़ें: