scorecardresearch

बलिया में एसडीएम को पालतू कुत्ते ने काटा, इलाज के लिए मांगी छुट्टी तो हुआ तबादला

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 5 मार्च की है. उस दिन एसडीएम आलोक प्रताप सिंह अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे. उसी समय उनका पालतू कुत्ता उनके पिता को परेशान कर रहा था. पिता को बचाने के लिए जब एसडीएम कुत्ते के पास पहुंचे, तो कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया

dog bite dog bite

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक अजीब मामला सामने आया है. यहां बैरिया तहसील में तैनात उपजिलाधिकारी (SDM) आलोक प्रताप सिंह को उनके ही पालतू कुत्ते ने काट लिया. घटना के बाद उन्होंने इलाज के लिए जिलाधिकारी से छुट्टी मांगी, लेकिन छुट्टी मिलने के साथ ही उनका तबादला भी कर दिया गया. अब एसडीएम का छुट्टी मांगने वाला लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कुत्ते ने अचानक कर दिया हमला
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 5 मार्च की है. उस दिन एसडीएम आलोक प्रताप सिंह अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे. उसी समय उनका पालतू कुत्ता उनके पिता को परेशान कर रहा था. पिता को बचाने के लिए जब एसडीएम कुत्ते के पास पहुंचे, तो कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके दोनों हाथों पर काट लिया. इससे उनके हाथों से काफी खून बहने लगा.

जिलाधिकारी से मांगी छुट्टी
घटना के बाद उन्होंने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया. बाद में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर जाने की जरूरत पड़ी. इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी बलिया को एक लेटर लिखकर मेडिकल छुट्टी की मांग की. जिलाधिकारी ने उन्हें छुट्टी तो दे दी, लेकिन साथ ही बैरिया तहसील में उनकी जगह दूसरे उपजिलाधिकारी की तैनाती कर दी. इसी बीच एसडीएम द्वारा लिखा गया छुट्टी का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

viral leave letter
viral leave letter


एसडीएम आलोक प्रताप सिंह का कहना है कि कुत्ते ने उनके हाथों को इस तरह काटा है कि वे ठीक से हस्ताक्षर भी नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने बताया कि कुत्ता अमेरिकन बुल नस्ल का है. वह उनके पिता को परेशान कर रहा था. उन्होंने पिता से कहा था कि कुत्ते को सहला दें, लेकिन जब उन्होंने ऐसा नहीं किया तो वह खुद कुत्ते को पकड़ने गए. उसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया.

फिलहाल एसडीएम मेडिकल छुट्टी लेकर घर पर आराम कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनका लेटर कैसे वायरल हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन उसमें लिखी बातें पूरी तरह सही हैं.

रिपोर्ट-अनिल अकेला