scorecardresearch

शोरूम में चोरी करने घुसा चोर... पहले कॉफी पी, नहाया, लुंगी पहनकर जमकर नाचा और आखिर में KTM लेकर हुआ फरार!

एक सिरफिरे चोर ने प्रीमियम बाइक एजेंसी के शीशे वाले दरवाजे को कटर से काटा और अंदर दाखिल हो गया. इसके बाद उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर जमकर मौज काटा. अंत में शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 एस (KTM Adventure 390 S) बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया.

Advertisement
Varanasi Bike stolen Varanasi Bike stolen

धर्मनगरी काशी के डुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोरी का बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सिरफिरे चोर ने प्रीमियम बाइक एजेंसी के शीशे वाले दरवाजे को कटर से काटा और अंदर दाखिल हो गया. इसके बाद उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर जमकर मौज काटा. उसने वहां कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, म्यूजिक चलाकर बाइक के कवर की लुंगी बनाकर डांस किया और अंत में शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 एस (KTM Adventure 390 S) बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

​शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके घर चला गया था. उनकी तीन महीने पुरानी केटीएम बाइक चाबी के साथ अंदर ही खड़ी थी. रात करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. बारिश शुरू होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर ओढ़ा और कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया. लगभग 36 मिनट की मशक्कत के बाद, रात 12:06 बजे वह एजेंसी के अंदर घुसने में कामयाब रहा.

शोरूम में बैठकर कॉफी
​अंदर पहुंचते ही चोर का अंदाज बिल्कुल किसी मालिक जैसा हो गया. उसने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक गोल-गोल घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पिया और फिर खुद के लिए मशीन से गरमा-गरम कॉफी बनाकर चुस्कियां लीं. हद तो तब हो गई जब वह बेफिक्र होकर शोरूम के वॉशरूम में गया और आराम से नहाया. नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए. इसके बाद उसने वहां रखी एक नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और लंबे समय तक लुंगी डांस करता रहा.

फिल्मी अंदाज में चोरी
​शोरूम से जाने से पहले शातिर चोर ने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी, बाइक का एक नया कवर उठाया और सुबह करीब 4 बजे मैनेजर की कीमती केटीएम बाइक स्टार्ट कर हवा में गायब हो गया. सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड ने टूटा हुआ कांच देखा और मैनेजर को सूचना दी, तब जाकर इस फिल्मी चोरी का खुलासा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी.

ये भी पढ़ें: