Benefits of Eating Vegetable Peels
Benefits of Eating Vegetable Peels
सब्जियों में ढेर सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें खाने से हमारे शरीर को काफी लाभ मिलता है. क्या आप जानते हैं सब्जियों के छिलके भी बेहद फायदेमंद होते हैं. सब्जियों के छिलकों को भूलकर भी फेंकना नहीं चाहिए. इन छिलकों से आप कई तरह के लजीज व्यंजन बना सकते हैं. इन व्यंजनों को खाने के बाद कोई भी नहीं कह सकता है कि ये व्यंजन सब्जियों के छिलकों से तैयार किए गए हैं. हम आपको आज आलू, लौकी और तोरई के छिलकों से बनने वाले व्यंजन के बारे में बता रहे हैं.
आलू, लौकी और तोरई के छिलकों में पाए जाते हैं इतने पोषक तत्व
आलू के छिलके में विटामिन बी, सी और पौटेशियम के साथ ही कैल्शियम और आयरन भी काफी मात्रा में होता है. ऐसे में आप आलू को छिलकों समेत ही सब्जी बनाकर खा सकते हैं या फिर आलू के छिलकों के चिप्स बनाकर खा सकते हैं. लौकी के छिलके फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं. इनमें विटामिन और खनिज भी होते हैं. तोरई के छिलके में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. तोरई का छिलका घुलनशील और अघुलनशील फाइबर से भरपूर होता है. यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज, गैस व एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करता है. इसमें कैलोरी कम और फाइबर अधिक होने की वजह से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है.
आलू के छिलकों से चिप्स बनाने के लिए सामग्री
1. आलू के छिलके
2. लाल मिर्च पाउडर
3. चाट मसाला
4. सरसों का तेल
5. नमक
आलू के छिलकों से ऐसे बनाएं चिप्स
सबसे पहले आलू के छिलकों को पानी से अच्छी तरह से धो लें. इसके बाद लगभग 10 मिनट तक नमक वाले पानी में आलू के छिलकों को भिगो दें. इसके बाद आलू के छिलकों को नमक वाले पानी से निकालकर सूखा लें. इसके बाद इसमें लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसके बाद चूल्हे या गैस को जलाकर उस पर कढ़ाई चढ़ाएं. कढ़ाई में तेल डालें. तेल के गर्म होने के बाद उसमें मसालों से मिक्स आलू के छिलकों को तेल में डाल दें. इसके बाद मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक छिलकों को तलें. इसके बाद चूल्हे या गैस को बंद कर कढ़ाई को उतार लें. इस तरह से आलू के छिलकों से चिप्स तैयार हो गए.
तोरई के छिलकों से क्रिस्पी कटलेट बनाने के लिए सामग्री
1. तोरई के छिलके
2. उबला आलू
3. ब्रेड क्रम्ब्स
4. अदरक और लहसुन पेस्ट
5. गरम मसाला
6. सरसों का तेल
7. नमक
तोरई के छिलकों से क्रिस्पी कटलेट बनाने की विधि
सबसे पहले तोरई के छिलकों को गर्म पानी में हल्का सा उबाल लें. इसके बाद छिलकों में से पानी को निचोड़ लें. फिर तोरई के छिलकों को उबले आलू और मसालों के साथ मैश करें. इसके बाद टिक्की बनाकर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटें.फिर तवा पर शैलो फ्राई करें. इस तरह से तोरई के छिलकों से क्रिस्पी कटलेट खाने के लिए तैयार है.
लौकी के छिलकों से पकौड़े बनाने के लिए सामग्री
1. लौकी के छिलके
2. बेसन
3. हरी मिर्च
3. अजवाइन
4. सरसों तेल
5. नमक
लौकी के छिलकों से पकौड़े बनाने की विधि
लौकी के पतले और बारिक कटे छिलकों में सबसे पहले बेसन, अजवाइन, मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसके बाद इसमें हल्का पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें. इसके बाद चूल्हे या गैस पर कढ़ाई चढ़ाएं और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें छोटे-छोटे पकौड़े तलें. इस तरह से लौकी के छिलकों से बने पकौड़े को खाने के बाद मजा आ जाएगा.