Representative Image
Representative Image
आजकल सोशल मीडिया पर जेन ज़ी के ट्रेंड्स अक्सर चर्चा में रहते हैं. इन्हीं में से एक नया ट्रेंड है लिली पैडिंग. इस शब्द का इस्तेमाल उन युवाओं के लिए किया जा रहा है जो अपने करियर की शुरुआत में बहुत कम समय के भीतर बार-बार नौकरी बदल रहे हैं. कुछ लोगों को यह ट्रेंड अच्छा लगता है, जबकि कुछ इसे गंभीरता की कमी मानते हैं. लेकिन जेन ज़ी प्रोफेशनल्स के लिए इसका मकसद काफी स्पष्ट है. नए स्किल्स सीखना और लंबे समय के लिए नौकरी चुनने से पहले अलग-अलग अवसरों को समझना.
कम समय में नौकरी बदलने का बढ़ता चलन
एक रिपोर्ट के अनुसार जेन ज़ी अपने करियर के पहले पांच वर्षों में औसतन 1.1 साल ही एक नौकरी में बिताते हैं. यह समय मिलेनियल्स के औसत 1.8 साल, जेन एक्स के 2.8 साल और बेबी बूमर्स के 2.9 साल की तुलना में काफी कम है. कई युवा इसलिए नौकरी बदलते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि मौजूदा भूमिका में आगे बढ़ने या नई चीजें सीखने के अवसर सीमित हैं.
बेहतर अवसरों की तलाश
जेन ज़ी के लिए नौकरी बदलना अक्सर बेहतर सीखने और करियर ग्रोथ की तलाश से जुड़ा होता है. वे लगातार ऐसे अवसर ढूंढते रहते हैं जहां नई स्किल्स सीखी जा सकें और करियर को आगे बढ़ाया जा सके. इसलिए उनका ट्रेंड वफादारी की कमी नहीं बल्कि अपने भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश के रूप में देखी जा सकती है.
पोस्ट से ज्यादा मायने रखती है सैलरी
एक अन्य रिसर्च के मुताबिक करीब 68 प्रतिशत जेन ज़ी कर्मचारी तब तक मैनेजमेंट रोल नहीं लेना चाहते जब तक उन्हें इसके बदले में ज्यादा सेलेरी हाइक न मिले. आज के युवा प्रोफेशनल्स के लिए अधिक जिम्मेदारी उठाना तभी सही लगता है जब उसके साथ आर्थिक लाभ भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे.