how to quit sulphate shampoos
how to quit sulphate shampoos
आज के समय में बाजार में कई नए और पर्सनलाइज्ड हेयर केयर ब्रांड आ चुके हैं, जो खुद को सल्फेट-फ्री बताकर बालों के लिए बेहतर ऑप्शन होने का दावा करते हैं. इसके बावजूद ज्यादातर लोग अब भी पुराने और बड़े ब्रांड के शैंपू ही इस्तेमाल करना पसंद करते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है उनका झाग, खुशबू और तुरंत साफ महसूस होने वाला अनुभव. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही झाग आपके बालों को नुकसान भी पहुंचा सकता है?
सल्फेट क्या करता है बालों के साथ
डॉक्टरों के अनुसार, सल्फेट एक मजबूत क्लीनिंग एजेंट होता है जो बालों और स्कैल्प से गंदगी, तेल और पसीना हटाने का काम करता है. यही कारण है कि इससे बहुत ज्यादा झाग बनता है और बाल धोने के बाद तुरंत साफ और फ्रेश महसूस होते हैं. लेकिन समस्या यह है कि सल्फेट जरूरत से ज्यादा सफाई करता है. यह स्कैल्प के प्राकृतिक तेल को भी हटा देता है, जिससे बाल रूखे, बेजान और फ्रिजी हो जाते हैं. लंबे समय में इससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं.
सल्फेट छोड़ना क्यों लगता है मुश्किल
सल्फेट वाले शैंपू की आदत छोड़ना आसान नहीं होता. इसकी वजह यह है कि स्कैल्प धीरे-धीरे ज्यादा तेल बनाने की आदत डाल लेता है. जब आप सल्फेट-फ्री शैंपू पर स्विच करते हैं, तो शुरुआत में बाल चिपचिपे या भारी लग सकते हैं. साथ ही कम झाग बनने के कारण ऐसा लगता है कि शैंपू ठीक से काम नहीं कर रहा, जबकि असल में वह बालों को हल्के तरीके से साफ कर रहा होता है.
जब आप सल्फेट छोड़ देते हैं
लेकिन, जब आप सल्फेट छोड़ देते हैं तो कुछ समय बाद स्कैल्प खुद को संतुलित कर लेता है. बालों में नमी बनी रहती है, जिससे वे ज्यादा मुलायम, चमकदार और मजबूत हो जाते हैं. साथ ही स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं जैसे खुजली, रूखापन और डैंड्रफ भी कम होने लगते हैं. इसके अलावा बाल कम टूटते हैं, फ्रिज कम होता है और खासकर कलर या केमिकल ट्रीटमेंट वाले बाल ज्यादा हेल्दी दिखते हैं.
कैसे करें सही तरीके से बदलाव
सल्फेट शैंपू छोड़ने का सबसे आसान तरीका है धीरे-धीरे बदलाव करना. शुरुआत में हफ्ते में एक-दो बार सल्फेट-फ्री शैंपू इस्तेमाल करें और बाकी दिनों में पुराना शैंपू. बालों को बार-बार धोने से बचें और स्कैल्प को एडजस्ट होने का समय दें. अगर ज्यादा गंदगी महसूस हो, तो कभी-कभी क्लेरिफाइंग शैंपू का इस्तेमाल किया जा सकता है.
सही शैंपू कैसे चुनें
शैंपू चुनते समय सिर्फ “सल्फेट-फ्री” लेबल पर भरोसा न करें. ऐसे इंग्रीडिएंट्स देखें जो हल्के हों, जैसे कोको-ग्लूकोसाइड या सोडियम कोकोयल आइसिथियोनेट. अगर आपके बाल ड्राई हैं तो ऐसे प्रोडक्ट लें जिनमें तेल, शीया बटर या सेरामाइड्स हों. वहीं ऑयली स्कैल्प के लिए हल्के और जेल बेस्ड शैंपू बेहतर रहते हैं.
ये भी पढ़ें: