Tulsi Plant Caring Tips
Tulsi Plant Caring Tips
हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है. इसी कारण से पूजनीय माना जाता है. स्कंद पुराण में तुलसी को पवित्र और घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने वाला बताया गया है. अधिकांश हिंदू के घर और आंगन में तुलसी का पौधा जरूर होता है. लोग तुलसी की हर दिन पूजा-अर्चना करते हैं. कई लोगों को शिकायत रहती है कि उनका तुलसी का पौधा बार-बार सूख जाता है. यदि आपके घर-आंगन में लगी तुलसी भी बार-बार सूख जा रही है तो यह शुभ नहीं है. हम आपको आज बता रहे हैं कि आखिर क्यों तुलसी का पौधा बार-बार सूखता है और इसे कैसे हरा-भरा रख सकते हैं? आपको मालूम हो कि यदि तुलसी का पौधा स्वस्थ और हरा-भरा रहता है तो यह घर में सुख-शांति और समृद्धि लाता है.
ये हैं तुलसी के पौधे को सूखने के मुख्य कारण
1. सही से ख्याल न रखना: तुलसी के पौधे को घर में तो अधिकांश लोग लगा लेते हैं लेकिन इसका सही से ख्याल नहीं रखते हैं. इसके चलते तुलसी का पौधा सूखने लगता है. तुलसी के पौधा को सही समय पर पानी और खाद देना जरूरी होता है. इस पौधे को धूप भी जरूरी है.
2. न डालें बहुत ज्यादा पानी: तुलसी के पौधे में पानी डालते समय इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि इसकी जड़ों में बहुत ज्यादा पानी न जमा हो जाए. यदि तुलसी के पौधे की मिट्टी हमेशा कीचड़युक्त दिख रही है और गमले में पानी निकलने का कोई साधन नहीं है तो पौधा सूखने लगता है. ऐसे में पानी बहुत अधिक न डालें. पौधे को पानी तभी दें जब मिट्टी की ऊपरी परत छूने पर सूखी लगे. इसके साथ ही तुलसी के पौधे के लिए ऐसे गमले का इस्तेमाल करें जिसमें पानी निकलने की जगह हो. तुलसी के पौधों की पत्तियों पर पानी नहीं डालना चाहिए बल्कि इसकी जगह सीधे मिट्टी में पानी डालें. गीली पत्तियों से पौधे में फंगस लग सकती है.
3. रोजाना इतने घंटे धूप जरूरी: तुलसी का पौधा यदि आपने घर में लगाया है और इसे सूर्य की रोशनी नहीं मिल रही है तो यह सूखने लगता है. ऐसे में तुलसी के पौधे को रोजाना कम से कम 4-6 घंटे के लिए इसे धूप में जरूर रखें. आप तुलसी के पौधे के पास ग्रो लाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं.
4. मिट्टी में न डालें अगरबत्ती की राख: तुलसी की पूजा के दौरान इसके पास लोग हर दिन दीपक और अगरबत्ती जलाकर रखते हैं. तुलसी के पौधे की मिट्टी में अगरबत्ती की राख डालने से मिट्टी का पीएच बिगड़ जाता है. ऐसे में तुलसी का पौधा सूख सकता है. यदि तुलसी के पौधे को हरा-भरा रखना है तो मिट्टी में कभी भी अगरबत्ती की राख न डालें.
5. पोषक तत्वों की न होने दें कमी: तुलसी का पौधा पोषक तत्वों की कमी के कारण भी सूखने लगता है. ऐसे में इस पौधे में भरपूर पोषण के लिए नियमित रूप से ऑर्गेनिक खाद डालें. आप हर 4-5 सप्ताह में ऑर्गेनिक खाद या संतुलित एनपीके डाल सकते हैं.
6. फूलों की बालियों को तोड़ते रहें: तुलसी के पौधे में आने वाली बैंगनी मंजरी की बालियों को पूरी तरह से बढ़ने नहीं देना चाहिए. तुलसी के विकास के लिए रोजाना इसके फूलों की बालियों को तोड़ते रहें.
तुलसी को हरा-भरा रखने के लिए करें ये उपाय
1. मिट्टी का ध्यान से करें चुनाव: तुलसी के पौधा लगाने से पहले उसकी मिट्टी के चुनाव ध्यान से करना चाहिए. इस पौधे के लिए ढीली और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है. इस पौधों को ऐसी मिट्टी में लगाएं, जिसमें 30 फीसदी रेत और 70% मिट्टी हो. ऐसा करने से बरसात में भी तुलसी के पौधे की जड़ों में पानी नहीं जमेगा और यह हरा-भरा रहेगा.
2. गमले का रखें ध्यान: तुलसी का पौधा लगाते समय गमले का भी ध्यान रखना जरूरी होता है. हमेशा ऐसे गमले में तुलसी लगाएं, जो चौड़ा और गहरा हो. इसमें दो छेद जरूर करें. इसके बाद इस छेद पर एक कागज रखें.
3. गीला गोबर न डालें: तुलसी के पौधे के लिए गाय का गीला गोबर अच्छा माना जाता है लेकिन गोबर डालते समय इस बात का जरूर ध्यान रखें कि गोबर गीला न हो. गोबर को हमेशा सुखाकर पाउडर की तरह तुलसी के पौधे में डालें.
4. बीच-बीच में देते रहें पानी: तुलसी के पौधे को हरा-भरा रखने के लिए इसमें बीच-बीच में पानी जरूर दें. सर्दियों में आप 5 से 6 दिन के बाद पानी डाल सकते हैं. बारिश के मौसम में इसमें पानी डालने की जरूरत नहीं होती है.
5. तेज धूप से बचाएं: तुलसी के पौधे के लिए सुबह की धूप 4-6 घंटे जरूरी है लेकिन ध्यान रखें कि दोपहर की तेज धूप से इसे बचाना है, वरना पत्तियां जल सकती हैं.
6. करते रहें कटाई-छटाई: तुलसी के पौधे हरा-भरा रखने के लिए इसकी कटाई-छटाई भी करते रहना चाहिए. इसका मतलब है कि समय-समय पर इसकी पत्तियों को तोड़ते रहना चाहिए. हर हफ्ते पत्तियों को हल्के हाथ से साफ करें और सूखी पत्तियों को हटाएं. यह आपके पौधे को तरोताजा रखेगा.
7. कीटों से करें बचाव: तुलसी के पौधे में कीटों का लगना आम बात है. इसके लिए नीम का तेल या गौमूत्र का हल्का घोल बनाकर पौधे पर छिड़कें. यह न केवल कीटों को भगाएगा, बल्कि पौधे को मजबूत भी बनाएगा.