कार पर लगे हुए किस के निशान
कार पर लगे हुए किस के निशान
ग्वालियर शहर में इन दिनों एक कार अपने बेहद अलग और हैरान कर देने वाले अंदाज के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है. सड़क पर दौड़ती इस कार को देखकर लोगों की नजरें उस पर टिक गईं. वजह थी कार की पूरी बॉडी पर बने हजारों लिपस्टिक के निशान. बताया जा रहा है कि गाड़ी पर करीब 3,400 किस के निशान बनाए गए थे.
मामला उस समय सामने आया, जब इस अनोखी कार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से सामने आने लगीं. तस्वीरों में कार की बाहरी सतह पर जगह-जगह लिपस्टिक से बने होंठों के निशान दिखाई दे रहे थे. सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद यह मामला यातायात पुलिस तक भी पहुंच गया. बताया जा रहा है कि कार के मालिक आदित्य सिकरवार की गर्लफ्रेंड ने विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित होकर यह अनोखा प्रयोग किया था.
जानकारी के मुताबिक कार पर एक-एक करके हजारों किस के निशान बनाने में करीब चार घंटे का समय लगा. इसके बाद पूरी कार का लुक इतना अलग नजर आने लगा कि सड़क पर चलने के दौरान लोगों का ध्यान अपने आप उसकी ओर जाने लगा. हालांकि, सोशल मीडिया पर यह कार चर्चा और आकर्षण का कारण बनी, लेकिन सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के निशानों के साथ वाहन चलाना कार मालिक के लिए परेशानी का कारण बन गया.
कार की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने वाहन की पहचान करने की कोशिश शुरू की. तस्वीरों में दिखाई दे रहे कार नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन की जानकारी जुटाई और कार्रवाई के लिए उसे थाटीपुर क्षेत्र से जब्त कर लिया. पुलिस ने कार मालिक को मौके पर बुलाकर पूरे मामले के संबंध में पूछताछ की. इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करते हुए 5500 रुपये का चालान किया गया.
पुलिस की कार्रवाई के बाद कार मालिक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली. इसके बाद वाहन पर बने लिपस्टिक के निशानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई. कार को पानी से साफ कराया गया, ताकि सड़क पर चलते समय उसके बाहरी हिस्से पर बने ये निशान नजर न आएं.
- हेमंत शर्मा की रिपोर्ट