How to Increase Fan Speed
How to Increase Fan Speed
गर्मी के मौसम में पंखे की हवा बड़ी ही राहत देती है. पंखा हर घर की जरूरत है. हालांकि कई बार पुराना पंखा तेज हवा नहीं देता. यह चलने पर आवाज करने लगता है. यदि आपके घर का पंखा भी तेज हवा नहीं दे रहा है और आवाज कर रहा है तो नया फैन खरीदने की जरूरत नहीं है. हम आपको कुछ टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें आजमाने से आपका पुराना सीलिंग फैन भी तेज स्पीड से चलने लगेगा. हवा देने में आपका पंखा कूलर को भी फेल कर देगा.
1. सबसे पहले पंखे की करें साफ-सफाई
यदि आपका पंखा तेज गति से नहीं चल रहा है तो सबसे पहले पंखे की साफ-सफाई करें. आपको मालूम हो कि कई बार पंखे के ब्लेड और मोटर पर धूल के जमने से उसकी गति कम हो जाती है. मोटर पर धूल जमने से उसपर दबाव बढ़ता है तो पंखा स्पीड से नहीं चलता है. यदि पंखे के ब्लेड पर धूल जमी है तो माइक्रोफाइबर कपड़े या सूखे कपड़े से उसे तुरंत साफ कर दें. आप वैक्यूम क्लीनर का भी उपयोग कर सकते हैं. पंखा साफ होने पर खूब अच्छी हवा देने लगेगा. मोटर के आसपास जमी धूल को भी साफ करें क्योंकि इसके पास धूल होने से पंखा गर्म होने लगता है. पंखा जल भी सकता है. ऐसे में ब्रश या सूखे कपड़े की मदद से मोटर के आसपास की सफाई करें.
2. ब्लेड का करें बैलेंस चेक
आपको मालूम हो कि यदि आपके घर का पंखा चलते समय बहुत अधिक हिलता है या कंपन करता है तो तुरंत पंखे के ब्लेड का बैलेंस चेक करें क्योंकि ब्लेड का संतुलन बिगड़ने से ऐसा होता है. असंतुलित ब्लेड पंखे के मोटर पर बहुत अधिक दबाव डालते हैं. इससे पंखा धीमी गति से चलता है. ऐसे में ब्लेड की स्थिति जरूर जांच लें.
3. पुराने पंखे के बेयरिंग में ऑयलिंग जरूर करवाएं
यदि आपके घर में पुरना पंखा लगा है तो पंखे के बेयरिंग में ऑयलिंग जरूर करवाएं. आपको मालूम हो कि पुराने पंखों की बेयरिंग सूखने लगती है. इससे घर्षण बढ़ जाता है और पंखा भारी चलने लगता है. यदि आपका पंखा तेज आवाज कर रहा है या पहले से धीमा चल रहा है तो ऑयल या ग्रीस लगवाएं. इससे पंखा स्पीड में चलने लगेगा.
4. ढीले स्क्रू और फिटिंग को तुरंत कस दें
आपको मालूम हो कि लंबे समय तक इस्तेमाल होने के कारण कई बार पंखे के स्क्रू ढीले हो जाते हैं. इससे पंखा के चलने पर कंपन बढ़ती है और स्पीड भी कम हो जाती है. पंखे के तेज गति से चलाना है तो साल में कम से कम एक बार पंखे की फिटिंग और स्क्रू जरूर चेक करें. ढीले स्क्रू और फिटिंग को तुरंत कस दें.
5. पंखे की कैपेसिटर की कराएं जांच
यदि आपके घर में लगा पंखा चालू होने में समय ले रहा है या बहुत धीमी गति से चल रहा है तो समझें पंखे का कैपेसिटर कमजोर हो गया है. आपको मालूम कि कैपेसिटर पंखे को शुरुआत में ताकत देने का काम करता है. यदि यह खराब हो जाए तो पंखा ठीक से नहीं चलता. ऐसे में किसी इलेक्ट्रिशियन से इसकी जांच जरूर करवाएं.