उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हुई थी और शुरुआत से ही बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार देखने को मिला. अब यात्रा ने एक नया इतिहास रच दिया है. भगवान बदरी विशाल के धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 15 लाख के पार पहुंच गई है. खास बात यह है कि यह ऐतिहासिक आंकड़ा जुलाई के मध्य में ही पार हो गया, जबकि पिछले वर्षों में 15 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा सामान्यतः अक्टूबर के अंत या नवम्बर के दौरान जाकर पार होता था. ऐसे में इस वर्ष की यात्रा ने अब तक के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं.
मानसून का दौर शुरू होने के बावजूद बदरीनाथ यात्रा की रफ्तार बनी हुई है. बीते कुछ दिनों तक बारिश और मौसम की वजह से यात्रियों की संख्या में कमी जरूर आई थी, लेकिन पिछले दो तीन दिनों से यात्रा ने फिर गति पकड़ ली है. बीते दिन 15 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंचे. इसी के साथ कुल यात्रियों का आंकड़ा 15 लाख के पार पहुंच गया, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान माना जा रहा है.
इस बार देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं. मानसून के दौरान आमतौर पर यात्रा की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, लेकिन इस बार पहाड़ों में अपेक्षाकृत कम बारिश होने से यात्रा पर अधिक असर नहीं पड़ा. कुछ दिनों तक प्रतिदिन पांच हजार के आसपास श्रद्धालु धाम पहुंच रहे थे, लेकिन मौसम में सुधार के बाद यह संख्या फिर बढ़कर करीब 15 हजार प्रतिदिन तक पहुंच गई है. इससे बदरीनाथ धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की चहल-पहल और आस्था का उत्साह देखने को मिल रहा है.
इन दिनों बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहद सुगम और कम समय में दर्शन हो रहे हैं. यात्रा व्यवस्थाओं की भी श्रद्धालु खुलकर सराहना कर रहे हैं. बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग ऋषिकेश से धाम तक पूरी तरह सुचारू होने के कारण यात्री बिना किसी बड़ी परेशानी के आसानी से धाम पहुंच रहे हैं और दर्शन कर वापस लौट रहे हैं. इससे यात्रा और अधिक सुगम बनी हुई है. यहां पहुंचे श्रद्धालु भी इस समय बहुत उत्साहित दिखाई दे रहे हैं हर कोई दर्शन कर अपने आप को धन्य महसूस कर रहा है.