scorecardresearch
धर्म

रामपुर से गंगा-जमुनी तहजीब की एक अनोखी मिसाल, हिंदू-मुस्लिम और सभी वर्गों ने एक साथ खेली फूलों और रंगों की होली

unique example of Ganga-Jamuni culture
1/5

उत्तर प्रदेश के रामपुर में गंगा-जमुनी तहजीब की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली. यहां हिंदू, मुस्लिम और अन्य सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर फूलों और रंगों की होली खेली. आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और फूल बरसाकर त्योहार का जश्न मनाया.

unique example of Ganga-Jamuni culture
2/5

कार्यक्रम का आयोजन अंबेडकर पार्क में किया गया, जहां अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खान की अगुवाई में हर धर्म और जाति के लोग एकत्र हुए. सभी ने मिलजुलकर फूलों की होली खेली, एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गुजिया खिलाकर पूरे देश में एकता की मिसाल पेश की. इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और खुशी का माहौल रहा.

unique example of Ganga-Jamuni culture
3/5

फरहत अली खान ने कहा कि देश में मोहब्बत का जो पैगाम हमारे बुजुर्ग देकर गए हैं, उसी परंपरा को कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि होली ऐसा पावन पर्व है जो दिलों की दूरियां मिटाकर पत्थरों में भी प्यार के फूल खिला देता है. उनका कहना था कि रामपुर से मोहब्बत और भाईचारे का जो संदेश जा रहा है, वह दूर-दूर तक पहुंचे, यही उनकी कामना है.

unique example of Ganga-Jamuni culture
4/5

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम हर साल आयोजित किया जाता है, जिसमें लोग फूल उड़ाकर, रंग लगाकर और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे के करीब आते हैं. उनका कहना था कि जैसे पानी में रंग मिल जाने पर वह एक हो जाता है, वैसे ही इस त्योहार का संदेश है कि हर हिंदुस्तानी अपने राष्ट्र के प्रति एकजुट रहे और प्रेम का भाव बनाए रखे.

unique example of Ganga-Jamuni culture
5/5

वहीं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. मुनीश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन पिछले 14 सालों से लगातार हो रहा है. उन्होंने कहा कि रामपुर की धरती गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जानी जाती है और यह होली कार्यक्रम हिंदू-मुस्लिम एकता का जीवंत उदाहरण है.