scorecardresearch
Advertisement
धर्म

Surat Vande Bharat Ganesh Pandak: ट्रेन का गेट, अंदर लेजर शो, सूरत में बना 'वंदे भारत' थीम वाला अनोखा गणेश पंडाल, पीएम मोदी का विकास मॉडल भी आया नजर

वंदे भारत थीम पर सजा गणेश पंडाल
1/6

गणेश उत्सव के दौरान देशभर में अलग-अलग स्थानों पर भगवान गणेश के भव्य पंडाल सजाए गए हैं. हर पंडाल में अपनी अलग थीम, सजावट और सामाजिक या धार्मिक संदेश देखने को मिल रहा है. गुजरात के सूरत शहर में भी गणेश उत्सव के दौरान कई अनूठी थीम पर पंडाल तैयार किए गए हैं. इसी कड़ी में भटार इलाके में ठाकुर सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा तैयार किया गया गणेश पंडाल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस पंडाल में एक ओर भगवान गणेश की भक्ति और आराधना का माहौल देखने को मिलता है, वहीं दूसरी ओर देश में हुए विकास कार्यों और वंदे भारत ट्रेन के थीम को दर्शाया गया है.
 

बाहर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन
2/6

पंडाल के बाहर ही एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर लगातार भगवान गणेश के भक्ति गीत और धार्मिक प्रस्तुतियां चलती रहती हैं. एलईडी स्क्रीन पर चलने वाले भक्ति गीतों और आकर्षक रोशनी के चलते पंडाल के आसपास का पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आता है. दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु कुछ समय यहां रुककर भक्ति संगीत का आनंद लेते हैं और इसके बाद पंडाल के अंदर प्रवेश करते हैं.
 

प्रवेश द्वार देख खुश हुए लोग
3/6

इस पंडाल की सबसे खास बात इसका प्रवेश द्वार है. श्रद्धालुओं के लिए वंदे भारत ट्रेन के स्वरूप में गेट तैयार किया गया है. जैसे ही लोग इस गेट से अंदर प्रवेश करते हैं, उन्हें ऐसा अनुभव कराने की कोशिश की गई है, मानो वे स्वयं ट्रेन के अंदर सफर कर रहे हों. पंडाल के भीतर विशेष डिस्प्ले और विजुअल इफेक्ट लगाए गए हैं, जो ट्रेन यात्रा जैसा माहौल तैयार करते हैं. इस अनूठी प्रस्तुति को देखने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है.
 

ट्रेन थीम के आगे भगवान गणेश के दर्शन
4/6

वंदे भारत ट्रेन की थीम से आगे बढ़ते ही श्रद्धालुओं को भगवान गणेश के दर्शन होते हैं. यहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं और आरती में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते हैं. इस तरह पंडाल की पूरी संरचना को इस प्रकार तैयार किया गया है कि श्रद्धालुओं को प्रवेश से लेकर भगवान गणेश के दर्शन तक एक अलग तरह का अनुभव प्राप्त हो.
 

दूसरे पंडाल में पीएम मोदी की प्रतिमा और लेजर शो
5/6

इस गणेश पंडाल की एक और खासियत इसके ठीक बगल में तैयार किया गया दूसरा पंडाल है. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा स्थापित की गई है. प्रतिमा के सामने विशेष लेजर शो का आयोजन किया जाता है. लेजर शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं को दर्शाने वाली प्रस्तुति दिखाई जाती है. लेजर शो के दौरान अलग-अलग विजुअल और रोशनी के माध्यम से विकास से जुड़े विषयों को प्रदर्शित किया जाता है. इसी थीम को आगे बढ़ाते हुए वंदे भारत ट्रेन के मॉडल को भी पंडाल की मुख्य प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया है. आयोजकों द्वारा इसे आधुनिक भारत और देश में हो रहे विकास से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है. शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग इस पंडाल में पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु पहले भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं और इसके बाद दूसरे पंडाल में बैठकर लेजर शो देखते हैं. खासकर बच्चों और युवाओं में लेजर शो को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है.
 

भक्ति के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
6/6

सूरत के भटार इलाके में तैयार किया गया यह गणेश पंडाल इस मायने में अलग दिखाई देता है कि यहां धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक और विकास की थीम को जोड़ा गया है. एक तरफ भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा, पूजा-पाठ और आरती के जरिए भक्तिमय वातावरण बनाया गया है, तो दूसरी तरफ एलईडी स्क्रीन, डिस्प्ले, वंदे भारत ट्रेन की थीम और लेजर शो के जरिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. गणेश उत्सव के दौरान शहर में हर वर्ष अलग-अलग पंडाल लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं, लेकिन भटार में ठाकुर सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा तैयार इस पंडाल में श्रद्धालुओं को गणेश दर्शन के साथ ट्रेन यात्रा जैसा अनुभव और लेजर शो के माध्यम से विकास की प्रस्तुति देखने को मिल रही है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर इस अनूठे गणेश पंडाल को देख रहे हैं और इसकी थीम का आनंद ले रहे हैं.